नारायणपुर (वीएनएस)। नक्सल प्रभावित जिला नारायणपुर में आठवां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। जिले में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन जिला मुख्यालय नारायणपुर के माहका स्थिति इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष व विधायक चंदन कश्यप और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचरियों और आम नागरिकों ने सुबह 7 बजे से 8 बजे तक योग किया।
मुख्य अतिथि की आसंदी से अपने संक्षिप्त संबोधन में विधायक कश्यप ने कहा कि योग का जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। सभी लोगों को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग करने से व्यक्ति निरोगी और स्वस्थ रहता है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कायर्पालन अधिकारी देवेश कुमार ध्रुव, डीएफओ थेजस शेखर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज चंद्राकर के अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि रघु मानिकपुरी, राजेश दीवान, संजय राय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कमर्चारी, जनप्रतिनिधि संगठन पदाधिकारी, स्कूल के विद्याार्थी और गणमान्य नागरिकों ने भी योग अभ्यास किया। योग अभ्यास योग चिकित्सक डॉ. लकेश्वर प्रसाद साहू, एनपी साहू, ओमप्रकाश मांझी और साथियों की ओर से कराया गया। इस अवसर पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया। आभार व्यक्त सहायक संचालक समाज कल्याण बरखा मीहिर ने किया।