राजनांदगांव (वीएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उत्साह एवं खुशी के माहौल में जिला स्तरीय योग महोत्सव का आयोजन आज सुबह कृषि उपज मंडी प्रांगण राजनांदगांव में किया गया। योग फॉर ह्यूमैनिटी पर केन्द्रित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ योग आयोग के सदस्य रविन्द्र सिंह शामिल हुए। इस दौरान कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने भी योगाभ्यास किया। बड़ी संख्या में बच्चे एवं नागरिकों ने योगाभ्यास एवं प्राणायाम किया। करें योग रहें निरोग का संदेश सभी को दिया गया। छत्तीसगढ़ योग आयोग के सदस्य रविन्द्र सिंह ने सभी को योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए शपथ दिलाई।
छत्तीसगढ़ योग आयोग के सदस्य रविन्द्र सिंह ने सभी को योग दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग के माध्यम से हम शरीर एवं मन को तंदुरूस्त करते हैं। नियमित रूप से योग करने पर शरीर में ऊर्जा का संचार होता है। विपरीत परिस्थितियों में भी मनुष्य सामान्य बने रहते हैं। योग विभिन्न प्रकार के रोग को दूर करने का सरल माध्यम है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ योग आयोग के माध्यम से रोजगार देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसके पहले 200 व्यक्तियों को रोजगार दिया गया और शीघ्र ही 5 हजार भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने बताया कि योग आयोग की ओर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को विद्यालय एवं महाविद्यालय में योग को शामिल करने के लिए आग्रह किया है। युवाओं को नशा एवं अपराध से दूर रखते हुए उनके जीवन को सही दिशा देने के लिए योग, ज्ञान एवं ध्यान आवश्यक है। इसके माध्यम से जीवन को संतुलित किया जा सकता है।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। योग से हमारे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। योगासन हमारी रोग-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं और बीमारियों को दूर करते हैं। इसे एकाग्रता और याददाश्त शक्ति बढ़ती है तथा आत्मविश्वास, इच्छाशक्ति एवं निर्णय क्षमता का भी विकास होता है। यह खुशी की बात है कि आज योग दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों के साथ नागरिकों ने भी भाग लिया है। जनसामान्य में योग के प्रति जागरूकता लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अपने व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर योगासन करने से हमेशा स्वस्थ रह सकते हैं।