कोरिया (वीएनएस)। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के संचालक एवं मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ विनय जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में रामानुज मिनी स्टेडियम में सामूहिक योगाभ्यास का जिला स्तरीय कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। ष्मानवता के लिए योगष् थीम पर आधारित आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आज जिले में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में जिला पंचायत अध्यक्ष रेणुका सिंह, उपाध्यक्ष वेदांती तिवारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, सीईओ जिला पंचायत कुणाल दुदावत, जिला स्तरीय अधिकारी, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकगण शामिल हुए और योग कर तन-मन से स्वस्थ रहने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि डॉ जायसवाल ने इस अवसर पर कहा कि योग मन को शांत करता है, जो शरीर के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अत्यंत तनावग्रस्त रहते हैं, जिससे बीमारियों से घिर जाते हैं। समय के अभाव के कारण वे अपने स्वास्थ्य पर भी ध्यान नहीं दे पाते। स्वस्थ रहने के लिए प्रतिदिन आधा घंटा योग करके भी स्वस्थ जीवन का आनंद लिया जा सकता है। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय आयोजन के साथ ही विकासखंड मनेन्द्रगढ़ में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय लाहिड़ी महाविद्यालय चिरमिरी में भी सामूहिक योग प्रदर्शन का कार्यक्रम आयोजित किया गया।