योगाभ्यास से शारीरिक तथा मानसिक क्षमता बढती है-डॉ. टेकाम

Posted On:- 2022-06-21



      सूरजपुर(वीएनएस)। आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को जिला मुख्यालय के मंगल भवन में योगाभ्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। योगाभ्यास में कैबिनेट मंत्री, संसदीय सचिव समेत अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह ने योगाभ्यास में शामिल लोगों को नियमित योगाभ्यास का संकल्प दिलाया। कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह ने कहा कि योगाभ्यास हमारी शारीरिक तथा मानसिक क्षमताओं में वृद्धि करता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जीवन शैली के लिए योगाभ्यास जरूरी है आध्यात्मिक अनुशासन एवं अत्यंत सूक्ष्म विज्ञान पर आधारित ज्ञान है जो मन और शरीर के मध्य सामंजस्य स्थापित करता है योग स्वस्थ जीवन की कला और विज्ञान है। उन्होंने कहा कि योग निरोग रहने का सशक्त माध्यम है प्राचीन काल से ही योग को स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक माना गया है यही कारण है कि राज्य सरकार बच्चों में भी योग की भावना जागृत करने स्कूलों में इसे लागू कर रही है आधुनिक युग में मानसिक रोग से ग्रसित लोगों का उपचार योग से ही संभव है राज्य सरकार प्रदेशभर में सुदूरवर्ती अंचलों को योगाभ्यास से जोड़ने का हर संभव प्रयास कर रही है। संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े ने भी निरोग एवं स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास को जरूरी बताया। आधुनिकता के दौर में तनाव ग्रस्त जीवन से बचने के लिए योगाभ्यास ही सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि शरीर, मन एवं आत्मा का सामंजस्य पूर्ण विकास ही योग है। उन्होंने योग के सार्वजनिक जीवन में महत्व के बारे में प्रकाश डाला। कलेक्टर सुश्री इफ्फत आरा ने कहा कि योग निरोगी जीवन का मूल मंत्र है। हमें इस बात का संकल्प लेना चाहिए कि योग हमारे तन का हिस्सा बने। योग स्वस्थ जीवन का प्राचीनतम मूल मंत्र है। ऋषि-मुनियों ने भी योग को स्वस्थ और जागृत जीवन के लिए आवश्यक बताया है। उन्होंने बताया कि योग को जनसामान्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ योग आयोग द्वारा नियमित योगाभ्यास की कक्षा भी प्रारंभ की जा रही है। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक राजेंद्र पाठक, रुदेश्वर बिसेन एवं श्रीकांत पांडे ने कार्यक्रम में शामिल जनप्रतिनिधियों समेत अधिकारियों एवं आम लोगों को योग की जानकारी देते हुए योगाभ्यास कराया। इसके साथ ही उन्होंने सार्वजनिक जीवन में योगाभ्यास से होने वाले लाभ के बारे में भी बताया। कलेक्टर एवं एसपी द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया। मंच का संचालन अशोक उपाध्याय एवं आभार प्रदर्शन जिला पंचायत सीईओ लीना कोसम ने किया।