कांकेर (वीएनएस)। डायरिया नियंत्रण के लिए जन जागरूकता केलिए प्रचार-प्रसार रथ को कलेक्टर ने आज हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एल. उईके भी मौजूद थे। जिले में गहन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा का आयोजन 21 जून से 05 जुलाई तक किया जा रहा है। पखवाड़े के दौरान मितानीन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व ए.एन.एम. की ओर से घर-घर जाकर 0 से 05 वर्ष तक के बच्चों को घरों में ओ.आर.एस पैकेट का वितरण किया जाएगा तथा इसके उपयोग के संबंध में सलाह दी जाएगी।
डायरिया से प्रभावित बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें जिंक टेबलेट व ओ.आर.एस का पैकेट दिया जाएगा तथा ओर.आर.एस. घोल बनाने व पीने की विधि बतायी जाएगी। जिंक गोली के सेवन की विधि ए.एन.एम. के द्वारा बताई जाएगी, 02 माह से 06 माह तक के बच्चों को आधी गोली व 06 माह से 05 वर्ष तक के बच्चों को पूरी गोली की खुराक 14 दिनों तक देने की सलाह दी जाएगी। माता पिता अथवा पालक को निजर्लीकरण के लक्षणों की जानकारी दिया जायेगा। स्कूलों में शिक्षकों की ओर से छात्रों को हाथ धोने की विधि बताई जाएगी। गर्भवती माताओं को जचकी के 01 घंटे के अंदर स्तनपान कराने की सलाह देंगे। दस्त से गंभीर बच्चों को 102 व 108 नंबर डॉयल कर नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा का उपयोग कर निकट के अस्पताल में उपचार के लिए ले जाने प्रोत्साहित किया जाएगा।