बालोद (वीएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मानवता के लिए योग थीम पर आज जिले के विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास कार्यक्रम हुआ। जिला स्तरीय योग अभ्यास कार्यक्रम जिला मुख्यालय बालोद के समीप ग्राम झलमला में स्थित गंगा मैया मंदिर के प्रांगण में आयोजित हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में महिला व बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेड़िया शामिल हुई।
इस अवसर पर मंत्री भेड़िया ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए जिले के नागरिकों को अपनी बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने जिला स्तरीय योग कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति में आदि काल से चली आ रही है। योग सभी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि योग करने, ध्यान लगाने तथा निरंतर योगाभ्यास करने से शारीरिक एवं मानसिक रोग से मुक्ति मिलती है। शरीर और मन स्वस्थ रहता है। उन्होंने योग को अपने दिनचर्या में शामिल करने की अपील की है। संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा और कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने भी अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास में शामिल हुए। उन्होंने भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई वं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जनपद पंचायत बालोद की अध्यक्ष प्रेमलता साहू, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, जिला पंचायत की मुख्य कायर्पालन अधिकारी डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, सरपंच ग्राम पंचायत झलमला सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं आदि मौजूद थे।