
दुर्ग (वीएनएस)। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी और सुरक्षित एवं स्वस्थ रहने की मंगलकामना की है। उन्होंने कहा कि योग से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सभी रोगों से मुक्ति मिलती है। दुर्ग के खालसा पब्लिक स्कूल में योगाभ्यास करने के बाद गृहमंत्री साहू ने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
गृहमंत्री साहू ने कहा कि नियमित योग, व्यायाम और प्राणायाम करने से शरीर की रोग-प्रतिरोधक शक्ति को बढ़ाया जा सकता है। इसलिए हम सभी को योग क्रियाओं को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के साथ कांग्रेस के नेता और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हर दिन नियमित योग का अभ्यास करके अपने जीवन को शारीरिकए मानसिक और आध्यात्मिक रूप से उज्ज्वल बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भिलाई-दुर्ग के सभी नगर निगम और पालिका में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरकारी व निजी संस्थानों में भी सामूहिक रूप से योग करने लोगों का उत्साह देखते बना। सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के साथ शिक्षक शिक्षिकाओं ने योग दिवस मनाने के उद्देश्य पर चर्चा करते हुए योगाभ्यास किया। राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के द्वारा भी योगाभ्यास कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। सांसद विजय बघेल और पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने भी किया योग
आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेक्टर-2 गणेश पूजा मंच में पतंजलि योग समिति, दुर्ग द्वारा आयोजित योगोत्सव कार्यक्रम में पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय, सांसद विजय बघेल व रामजन्म उत्सव समिति के युवा अध्यक्ष मनीष पांडे शामिल हुए। सांसद विजय बघेल ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए लोगों से प्रतिदिन योग करने की अपील की। पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से भारतीय ऋषि परंपरा के उपहार योग न केवल भारत में, बल्कि दुनिया में प्रतिष्ठा मिली है। आज 8 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दुनिया के 200 से अधिक देश हमारी ऋषि परंपरा व विरासत के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रहे हैं। स्वयं योग कीजिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित कीजिए। योग से आप निरोग होंगे और स्वस्थ समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में सहभागी बनेंगे।