विपक्ष ने यशवंत सिन्हा बनाया राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार, 27 को करेंगे नामांकन

Posted On:- 2022-06-21



नई दिल्ली (वीएनएस)। विपक्षी दलों ने मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति पद के लिए अपना सर्वसम्मत उम्मीदवार घोषित किया, जिसके लिए 18 जुलाई को चुनाव होना है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने संयुक्त विपक्षी दलों की बैठक के तुरंत बाद मीडियाकर्मियों से कहा, “हमने (विपक्षी दलों) ने सर्वसम्मति से फैसला किया है कि यशवंत सिन्हा राष्ट्रपति चुनाव के लिए हमारे आम उम्मीदवार होंगे।”

शरद पवार के आवास पर बुलायी गयी विपक्षी दलों की बैठक में सर्वसम्मति से मंगलवार को यह फैसला लिया गया है। शरद पवार ने बताया कि 27 जून को 11:30 बजे यशवंत सिन्हा राष्ट्रपति पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि सर्वसम्मति से यशवंत सिन्हा को आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी दलों का उम्मीदवार चुना गया है। बैठक को एनसीपी के शीर्ष नेता शरद पवार ने बुलाया था और इसमें कांग्रेस, टीएमसी, समाजवादी पार्टी, भाकपा, माकपा, नेशनल कॉन्फ्रेंस और राजद के नेताओं ने भाग लिया।

इससे पहले, सिन्हा ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से इस्तीफा दे दिया था, जिससे उनके नाम को विपक्ष के उम्मीदवार के रूप में राष्ट्रपति पद के लिए अंतिम रूप दिए जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं।

पिछले हफ्ते, विपक्षी दलों ने इसी तरह की बैठक बुलाई थी, जिसमें कई नेता चाहते थे कि राकांपा नेता शरद पवार विपक्षी उम्मीदवार हों। हालांकि पवार ने इस पेशकश को ठुकरा दिया था। राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान 18 जुलाई को और मतगणना 21 जुलाई को होनी है।