नक्सली हमले में सीआरपीएफ के 3 जवान शहीद

Posted On:- 2022-06-21



नुआपड़ा/महासमुंद (वीएनएसड)। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बॉर्डर पर महासमुंद सीमा के नजदीक आज एक बड़ा नक्सली हमला हुआ है। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान शहीद हो गए हैं। महासमुंद की एडीशनल एसपी मेघा टेंभुरकर के मुताबिक ओडिशा के नुआपड़ा जिले में नक्सलियों ने इस हमले को अंजाम दिया है।

उन्होंने बताया कि शहीदों में एक जवान और दो असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर रैंक के जवानशामिल हैं। नक्सलियों ने घात लगाकर इस हमले को अंजाम दिया है। जवानों की टीम सडक़ निर्माण के दौरान कर्मियों को सुरक्षा मुहैया कराने में तैनात थी। इसी दौरान दोपहर करीब 2.30 बजे ग्रेनेड से हमला कर जवानों को निशाना बनाया गया।

नुआपड़ा पुलिस से फोन के जरिए मिली जानकारी अनुसार सुरक्षाबलों की टीम ने नक्सलियों पर जवाबी फायरिंग की थी, लेकिन नक्सली भाग गए। शहीदों में एएसाई शिशुपाल सिंह, एएसआई शिवलाल और कॉस्टेबल धर्मेंद्र कुमार सिंह शामिल हैं।

ओडिशा सरकार ने हमले में शहीद होने वाले जवानों के परिवारों को 20-20 लाख रुपए मदद का ऐलान किया है। सूत्रों के मुताबिक ओडिशा के डीजीपी ने भी जवानों की शहादत पर गहरा दु:ख जताते हुए कहा है कि नक्सलियों को खिलाफ सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी रहेगा।