राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों की शिखर बैठक में भाग लेने चार दिन की रवांडा यात्रा पर जयशंकर

Posted On:- 2022-06-22



नई दिल्ली (वीएनएस)। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 26वें राष्ट्र मंडल देशों के शासनाध्यक्षों की शिखर बैठक में हिस्सा लेने के लिए गुरुवार से चार दिन की यात्रा पर रवांडा में किगाली के लिए रवाना होंगे। वे इस बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। यह बैठक कोविड महामारी के कारण दो बार स्थगित हो चुकी है। बैठक के दौरान राष्ट्रमंडल सदस्य देशों के नेता जलवायु परिवर्तन, खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य जैसी वैश्विक चुनौतियों के मुद्दे पर विचार-विमर्श करेंगे। भारत राष्ट्रमंडल में सबसे अधिक योगदान करने वाले देशों में से एक है और उसने इस संगठन को तकनीकी सहायता और क्षमता निर्माण के साथ सहयोग प्रदान किया है। यात्रा के दौरान डॉ. जयशंकर के साथ राष्ट्रमंडल सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों और अन्य प्रतिनिधियों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें होने की उम्मीद है। वे किगाली में भारतीय उच्चायुक्त द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में भारतीय समुदाय के लोगों के साथ भी बातचीत करेंगे।