दुर्लभ संगीत वाद्यों और वादकों की प्रतिभा प्रदर्शित करने ज्योतिर्गमय महोत्सव शुरू

Posted On:- 2022-06-22



नई दिल्ली (वीएनएस)। केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी ने नई दिल्ली में ज्योतिर्गमय महोत्सव का उद्घाटन किया। इसमें उन अज्ञात कलाकारों की प्रतिभा का प्रदर्शन किया जा रहा है जिन्होंने संगीत में अपना अतुलनीय योगदान दिया है। संगीत नाटक अकादमी ने देश भर के दुर्लभ संगीत वाद्यों और वादकों की प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए आज़ादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत और विश्व संगीत दिवस के अवसर पर इस महोत्सव का आयोजन किया है। इसमें सड़कों पर संगीत वाद्य प्रदर्शन करने वाले और रेलगाड़ियों में मनोरंजन करने वाले कलाकार भी शामिल हैं। इस अवसर पर श्री रेड्डी ने कहा कि संगीत सार्वभौमिक भाषा है और भारतीय संगीत भारतीय संस्कृति की तरह ही विविधता से भरा है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में संगीत जीवन के हर पहलू में शामिल है। उन्होंने कहा कि लोक संगीत और इन कलाकारों के वाद्ययंत्रों का संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इस आयोजन से इसे आगे ले जाने में मदद मिलेगी। भारत की लुप्त होती कला को बचाने की दिशा में संगीत नाटक अकादमी का यह अनूठा प्रयास है।