राजनांदगांव (वीएनएस)। फीबा एशिया अंडर 16 बास्केटबॉल चौम्पियनशिप के लिए स्पोर्ट्स अथारिटी ऑफ इंडिया ट्रेनिंग सेंटर राजनांदगांव के दो खिलाड़ी प्राथर्ना साल्वे व मोनी अदला भारतीय बास्केटबॉल टीम में चयनित हुए हैं। 24 से 30 जून तक अम्मान जोर्डन में होने वाली इस प्रतियोगिता में वे शामिल होंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए दोनों खिलाड़ियों को अपनी बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि दोनों खिलाड़ी उम्दा प्रदर्शन करते हुए भारतीय बास्केटबॉल टीम में चयनित हुए हैं। उन्होंने अपनी उपलब्धि से प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है।
गौरतलब है कि स्पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ट्रेनिंग सेंटर के आवासीय योजना के तहत दोनों खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। दिल्ली पब्लिक स्कूल राजनांदगांव की इन दोनों छात्राओं का चयन इस साल जनवरी में इंदौर में हुई जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चौंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। इन दोनों खिलाडिय़ों ने अम्मान में होने वाले एशियन चौंपियनशिप के लिए बेंगलुरू में आयोजित भारतीय टीम के कैंप में भी हिस्सा लिया है।