राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं पहली बार धमतरी में

Posted On:- 2022-06-22



  धमतरी (वीएनएस)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने पहली बार राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा जेईई, नेट का सेंटर धमतरी में बनाया है। भोपालराव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक धमतरी के प्राचार्य ने बताया कि बुधवार 23 जून से शुरू हो रही पात्रता सह प्रवेश परीक्षा का सेंटर रूद्री स्थित शासकीय पॉलीटेक्निक को बनाया गया है। एनटीए ने इन परीक्षाओं को स्थानीय स्तर पर सम्पन्न कराने की पूरी तैयारी कर ली है। बताया गया है कि धमतरी एवं आसपास के जिले के बच्चों को इन परीक्षाओं में शामिल होने अब रायपुर, नागपुर, विशाखापट्टनम अथवा अन्य जगहों पर नहीं जाना पड़ेगा। बुधवार 23 जून से आयोजित होने वाली परीक्षा में परीक्षार्थियों को अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सभी दिशा-निर्देश का पूरी तरह से अवलोकन कर जरूरी दस्तावेज के साथ संस्था में नियत समय पर उपस्थित होने कहा गया है। बताया गया है कि नियत समय के बाद सेंटर में किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह परीक्षा लगातार 07 दिनों तक चलेगी।