कमिश्नर व कलेक्टर ने स्मार्ट सिटी परियोजना के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

Posted On:- 2022-06-22



बिलासपुर (वीएनएस)। कमिश्नर अलंग व कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर ने आज शहर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनाये जा रहे मल्टी लेवल कार पार्किंग व इंटिग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल रूम का निरीक्षण किया। कलेक्टोरेट के समीप 14 करोड़ की लागत से मल्टी लेवल पार्किंग व 11 करोड़ 78 लाख की लागत से तारबहार इलाके में कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल रूम बनाये जा रहे हैं। उन्होंने दोनों भवनों को नागरिक सुविधाओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए पूरी गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कर सौंपने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ हरिश एस, नगर निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी व उपायुक्त अचर्ना मिश्रा भी इस अवसर पर उपस्थित थीं। उन्होंने जटिया तालाब के सौंदर्यीकरण व जीर्णोंद्धार कार्य का भी अवलोकन किया। गौरतलब है कि इण्टिग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल रूम में बैठकर एक ही जगह से शहर की ट्रेफिक व्यवस्था को संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत यदि कोई ट्रेफिक रूल तोड़ेगा तो चालान संबंधित के पते पर खुद-ब-खुद आ जाएगा। शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगे कैमरों से पूरे शहर की निगरानी की जा सकेगी, जो कि सुरक्षा व अपराध नियंत्रण के लिहाज से काफी अहम है। इसके जरिए स्ट्रीट लाईट व जल आपूर्ति सेवा की भी निगरानी रखी जायेगी। किसी भी आपदा के दौरान उससे निपटने का काम आसानी से होगा। कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल रूम में डिस्प्ले रूम, सर्वर रूम, बैक-अप रूम, मीटिंग हाल, कॉन्फ्रेंस हॉल, ट्रेनिंग रूम व टेक्निकल रूम तैयार किया जा रहा है। बिल्डिंग में बेसमेन्ट और ग्राउण्ड फ्लोर के साथ तीन मंजिला भवन बनेगा। डॉ अलंग ने निर्माण कार्यों में और तेजी लाने के साथ दिसम्बर तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला कार्यालय के समीप बन रहे मल्टी लेवल पार्किंग में 256 चार पहिया व 333 दो पहिया वाहनों के पार्किग की सुविधा होगी। लगभग 14 करोड़ रुपए में बन रहे इस कार्य के मार्च 2023 तक इसके पूर्ण होने की संभावना है। भू-तल ग्राउण्ड के साथ इसमें दो मंजिल होंगे। कमिश्नर डॉ. अलंग ने जटिया तालाब के सौंदर्यीकरण व जीर्णोद्वार कार्य का भी अवलोकन किया। करीब 6.78 करोड़ की लागत से यह कार्य किया जा रहा है। इसके एक किनारे पर फूड जोन भी विकसित किया जा रहा है।