3 लोस, 7 विस सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू....

Posted On:- 2022-06-23



आजमगढ़ और रामपुर में भाजपा-सपा के बीच मुकाबला

नई दिल्ली (वीएनएस)। देश की तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। जिन लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं उनमें यूपी की दो सीटें आजमगढ़ और रामपुर भी शामिल है। इसके अलावा पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव हो रहा है। वहीं, चार राज्यों की सात अलग-अलग विधासभा सीटों पर भी उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। 26 जून को उपचुनाव के नतीजे आएंगे।

अखिलेश, आजम के इस्तीफे के बाद खाली हुई आजमगढ़-रामपुर सीट यूपी की आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट पर हो रहा उपचुनाव सबसे ज्यादा चर्चा में है। इन दोनों सीटों पर सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी दल सपा के बीच टक्कर है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस्तीफे के बाद आजमगढ़ सीट खाली हुई जबकि आजम खान ने रामपुर लोकसभा सीट से इस्तीफा दिया था। अखिलेश और आजम ने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी जिसके बाद दोनों नेताओं ने सांसदी से इस्तीफा दिया था।

आजमगढ़ और रामपुर से ये हैं उम्मीदवार सपा ने आजमगढ़ लोकसभा सीट से धर्मेंद्र यादव को रण में उतारा है जबकि भाजपा ने भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ पर दांव चला है। बसपा की टिकट पर शाह आलम चुनाव लड़ रहे हैं। रामपुर लोकसभा सीट से भाजपा ने घनश्याम सिंह लोधी को जबकि सपा ने आसिम राजा को मैदान में उतारा है।

संगरूर में दांव पर AAP की साख पंजाब में संगरूर लोकसभा सीट के उपचुनाव पर आम आदमी पार्टी की साख दांव पर है। दरअसल, भगवंत मान ने मुख्यमंत्री बनने के बाद ये सीट छोड़ी थी। आम आदमी पार्टी ने यहां से गुरमेल सिंह को मैदान में उतारा है। वहीं, भाजपा ने केवल सिंह ढिल्लों पर दांव चला है।

चार राज्यों की इन सात सीटों पर विधानसभा उपचुनाव देश के चार राज्यों दिल्ली, झारखंड, आंध्र प्रदेश और त्रिपुरा की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। दिल्ली की राजिंद्र नगर विधानसभा, झारखंड की मंडार, आंध्र प्रदेश की आत्माकुर और त्रिपुरा की चार सीट- अगरतला, टाउन बरदोवाली, सूरमा और जबराजनगर सीट पर वोटिंग जारी है।