
रायपुर (वीएनएस)। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आर.बी.एस.के) के अंतर्गत 4 बच्चों की दिल का निशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा| इन चार बच्चों की पहचान जिला अस्पताल, पंडरी में लगाये गए एक शिविर में की गयी थी ।
शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मीरा बघेल के नेतृत्व और सिविल सर्जन डॉ.पीके गुप्ता एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनीष मेजरवार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया ।जून 18 को लगाये गए इस शिविर में 106 बच्चों की जांच की गई जिसमें 4 बच्चों को दिल का रोग पाया गया| यह जांच और उपचार 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों की हुई थी| स्वास्थ्य जांच शिविर में 7 बच्चों में मानसिक विकार की समस्या मिली है। वहीं 18 बच्चों में कुपोषण मिला है और 5 बच्चों को सुनने की समस्या थी उनको सहायता यंत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त एक बच्चे में मिर्गी दौरे की शिकायत भी मिली है।
इस सम्बन्ध में आर.एम.एन.सी.एच.ए. कार्यक्रम की जिला सलाहकार डॉ.रंजना गायकवाड ने बताया: इस शिविर में कुल 106 बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया जिसमें 4 ऐसे बच्चों की पहचान की गयी है जिनके ह्रदय की सर्जरी विभाग द्वारा कराई जायेगी। शिविर में वीवाय अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने इकोकार्डियोग्राफी मशीन से 27 बच्चों के दिल की जांच की जिसमें से 4 बच्चों के मामलों के लिए हृदय सर्जरी की सलाह दी गई है। इसके लिए उन्हें उच्च केंद्र को रेफर किया गया है जहाँ पर उनकी सर्जरी की जायेगी।‘’
अभनपुर विकासखंड से स्वास्थ्य शिविर में जांच कराने अपने पिता के साथ आये सात वर्षीय टिकेश साहू ने बताया: “मुझे सुनने में परेशानी होती थी| मेरे दोस्त भी बार-बार चिढ़ाते थे कि सुनाइ नहीं देता मुझे। शिविर में मेरे कानों की जांच की गई जिसमें बाद मुझे सुनने के लिए कान की मशीन दी गयी है। मशीन लगने से अब मुझे अच्छे से सुनाई दे रहा है।“
शिविर में जिला अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने भी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें एमडी मेडिसिन, सर्जन, शिशु रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, नाक कान गला रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक एवं फिजियोथेरेपिस्ट ने अपनी सेवाएं दी ।