लंबित भुगतान को लेकर पीएम आवास के हितग्राहियों ने निगम अपर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

Posted On:- 2022-06-23



कोरबा (वीएनएस)। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न वार्डों के प्रधानमंत्री आवास सम्बंधित हितग्राहियों का काफ़ी लंबे अरसे से भुगतान लंबित है। लंबित भुगतान के मांग को लेकर हितग्राहियों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम निगम के अपर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञात हो हर घर छत को लेकर प्रधानमंत्री आवास देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महती योजना है। किंतु राज्य शासन प्रधानमंत्री आवास सम्बन्धी अपने हिस्से की राशि सम्बंधित विभाग को समय पर मुहैया नहीं करा रही है, जिससे हितग्राहियों को राशि भुगतान में विलम्ब हो रहा है। भाजयुमो जिला महामंत्री वार्ड क्रमांक-16 के पार्षद नरेन्द्र देवाँगन के नेतृत्व में वार्ड क्रमांक-47 के पार्षद विजय साहू, वार्ड क्रमांक-5 के पार्षद धनश्री साहू, वार्ड क्रमांक-48 के पार्षद पुष्पा देवी कंवर हितग्राहियों के साथ पहुँचकर नगर निगम के अपर आयुक्त खजांची कुम्हार को मुख्यमंत्री मुखिया भूपेश बघेल के नाम ज्ञापन सौंपा।

इसी के साथ नगर निगम से सम्बंधित समस्या के बारे अपर आयुक्त से निराकरण के लिए चर्चा किया गया जिस पर एक सप्ताह के भीतर निराकरण का आश्वासन दिया गया। इस अवसर पर राजकुमार पटेल,नरेन्द्र गोश्वामी,हेमसागर पटेल,जेलहु केवट व प्रधानमंत्री आवास से सम्बंधित हितग्राही उपस्थित थे।