सुकमा (वीएनएस)। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामशर्दात्री समिति की बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर विनीत नंदनवार ने जिले में संचालित सभी बैंक की ओर से किए जा रहे लेन-देन, बैंकों में प्रस्तुत ऋण प्रकरण व उनकी स्वीकृति तथा जिले में बैंकिंग सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा की जिले में बैंकिंग सुविधा के विस्तार के लिए जिन क्षेत्रों में इंटरनेट सुविधा सुचारू रूप से पहुंच चुकी है, वहां सभी बैंक अपनी ग्राहक सेवा केंद्र खोले। इससे ग्रामीण बैंकिंग सुविधाओं का लाभ आसानी से उठा पाएंगे।
ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से अंदरूनी क्षेत्र के ग्रामीण जिनका बैंक खाता नहीं है, वे खाता खुलवा सकेंगे। जिससे उन्हें मनरेगा मजदूरी, पेंशन, तेंदूपत्ता पारिश्रमिक भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में मिलेंगे। ग्रामीण अधिक संख्या में शासन की योजनाओं से जुड़ेंगे और लाभ ले सकेंगे। इसके लिए उन्हें बैंक शाखा तक आने की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सुकमा में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार के किए टीम भावना से कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने बैंकों में प्रस्तुत ऋण प्रकरणों की स्वीकृति में आ रही समस्याओं के बारे ने जानकारी ली और कहा कि संबंधित विभाग और बैंक प्रतिनिधि के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र ही निराकरण करें। बैठक में जन धन खाता, मुद्रा लोन, एनआरएलएम समूहों को प्रदाय १्रल्ल आदि की समीक्षा हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ डीएन कश्यप, लीड बैंक आॅफिसर सहित विभिन्न बैंक प्रबंधक व बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे।