विधि संकाय के 8 छात्र-छात्राओं का कराया गया ग्रीष्मकालीन इन्टनर्शीप

Posted On:- 2022-06-23



जगदलपुर (वीएनएस)। विभिन्न महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों के इच्छुक विधि छात्रों को वर्ष 2022 में ग्रीष्मकालीन इंटनर्शीप प्रोग्राम के तहत छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर की ओर से प्राप्त निर्देशानुसार व जिला न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष आलोक कुमार के मार्गदर्शन में विधि छात्रों को ग्रीष्मकालीन इन्टनर्शीप कराया गया। उल्लेखनीय है कि विभिन्न महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों के इच्छुक विधि छात्रों को वर्ष 2022 में ग्रीष्मकालीन इंटनर्शीप कार्यक्रम 9 जून से 29 जून तक निर्धारित की गई थी, इसके तहत शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जगदलपुर के विधि संकाय कुमारी अहिल्या नेताम, लिमसर बघेल, कुमारी ममता यादव, कुमारी मोनिका देवांगन, कुमारी प्रतिभा नाग, कुमारी पूजा तिवारी, कुमारी शिप्रा पनरिया और सुरेश कुमार को ग्रीष्मकालीन इन्टनर्शीप जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जगदलपुर की ओर से कराया गया। इन्टनर्शीप प्रोग्राम के अनुसार इन्टनर्शीप कर रहे विधि छात्र-छात्राओं को विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित योजनाओं की सम्पूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें न्यायालय की कायर्वाहियों से भी अवगत कराया गया। साथ ही साथ उन्हें केन्द्रीय जेल, लीगल एड क्लीनिक, वृद्धाश्रम, मनोविकास केन्द्र, बाल सम्प्रेक्षण गृह व समस्त बालगृहों का भ्रमण भी करवाया गया। इन्टनर्शीप कर रहे विधि छात्र-छात्राओं ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित विधिक साक्षरता व जागरूकता शिविरों में अपनी सहभागिता भी दिखाई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव गीता बृज ने बताया कि विधि छात्र-छात्राओं की ओर से निर्धारित तिथि में अपना इन्टनर्शीप जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में पूर्ण करने में विशेष रूचि दिखाई गई। विधि छात्रों को वर्ष 2022 में ग्रीष्मकालीन इंटनर्शीप प्रोग्राम के तहत छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर में एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर में आगे की इन्टनर्शीप किए जाने एवं जीवन में निरंतर आगे बढ़ने केलिए उन्हें शुभकामनाएं भी दी गई।