
कवर्धा (वीएनएस)। प्रधान मुख्य वन संरक्षक, एवं वन बल प्रमुख, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग छत्तीसगढ़ राकेश चतुर्वेदी (भा.व.से.) की अध्यक्षता में वृत्त स्तरीय समीक्षा बैठक वनमंडल कार्यालय कवर्धा के सभाकक्ष में संपन्न हुई। प्रधान मुख्य वन संरक्षक, एवं वन बल प्रमुख चतुर्वेदी के द्वारा आवर्ती चराई योजना, संयुक्त वन प्रबंधन समिति के लाभांश एवं चक्रिय निधि के उपयोग, ग्रीन इंडिया मिशन, ई.एस.आई.पी.योजना, लघु वनोपज आदि विषयों पर समीक्षा की गई।
उन्होंने नरवा, गरूवा, घुरूवा अऊ बारी के महत्व को बताते हुए कहा कि इस योजना से ग्रामों का विकास हो रहा है, ग्रामीणों कों प्राकृतिक संसाधनों तथा पारंपरिक तरीको से आजीविका का साधन उपलब्ध हो रहा है तथा वे आत्मनिर्भर बन रहें है। उन्होंने आवर्ती चराई योजनांतर्गत समस्त ग्राम पंचायतों में अतिशीघ्र गोठान समितियों का गठन करने के निर्देश दिए। बैठक में अरूण कुमार पाण्डेय (भा.व.से.), सदस्य सचिव, जैव विविधता बोर्ड, रायपुर, भानू प्रताप सिंह (भा.व.से.) मुख्य वन संरक्षक, दुर्ग वृत्त दुर्ग, आयुष जैन (भा.व.से.) वनमंडलाधिकारी, बालोद वनमंडल, शशि कुमार (भा.व.से.) वनमंडलाधिकारी, दुर्ग वनमंडल, चूड़ामणि सिंह (भा.व.से.) वनमंडलाधिकारी, कवर्धा वनमंडल, श्रीमती शलमा फारूकी (भा.व.से.) वनमंडलाधिकारी, राजनांदगांव वनमंडल एवं दुर्ग वृत्त के समस्त उप वनमंडलाधिकारी, परिक्षेत्र अधिकारी उपस्थित थे।