ननकीराम कंवर, पुन्नूलाल मोहले और डमरूधर पुजारी बने द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावक

Posted On:- 2022-06-24



रायपुर (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा विधायक दल से पूर्व के मंत्री ननकीराम कंवर, पुन्नूलाल मोहले और डमरूधर पुजारी को एनडीए की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू का प्रस्तावक और समर्थक बनाया गया है। तीनो विधायक अभी दिल्ली में हैं, और वे और वे द्रौपदी मुर्मू के नामांकन दाखिले के समय भी मौके पर मौजूद थे। कंवर, मोहले और बिन्द्रानवागढ़ के विधायक डमरूधर पुजारी को पार्टी हाईकमान ने दिल्ली बुलाया था। छत्तीसगढ़ भाजपा विधायक दल के 14 सदस्यों में से तीनों का प्रस्तावक-समर्थक के रूप में चुनाव किया गया है।

ननकीराम कंवर ने राष्ट्रपति प्रत्याशी श्रीमती मुर्मू के प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए हैं। पूर्व मंत्री कंवर ने बताया कि द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति प्रत्याशी बनाने का फैसला बहुत बढ़िया है। उनके राष्ट्रपति बनने से न सिर्फ आदिवासियों, बल्कि प्रदेश का भी फायदा होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनने के बाद आदिवासी हितों के बारे में सोचेंगी।