कलेक्टर ने एकलव्य विद्यालय का किया निरीक्षण

Posted On:- 2022-06-24



  गरियाबंद (वीएनएस)।कलेक्टर प्रभात मलिक ने आज जिले के छुरा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम कोसमबुड़ा में नवनिर्मित एकलव्य विद्यालय का निरीक्षण किया। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (रा.) अविनाश भोई तथा पी.डब्ल्यू.डी,पी.एच.ई, जनपद सीईओ, आदिवासी विकास, विद्यालय के प्राचार्य एवं ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि उपस्थित थे। कलेक्टर श्री मलिक ने एकलव्य विद्यालय में पानी की उचित व्यवस्था हेतु लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी को बहेरभांठा से पाइप लाइन के माध्यम से पानी की वैकल्पिक व्यवस्था तथा विद्यालय के आसपास पानी की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिये। उन्होंने एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य को कुर्सी, टेबल, व्हाईट बोर्ड एवं अन्य व्यवस्था करके विद्यालय को शीघ्र प्रारंभ करने निर्देशित किया। इसी प्रकार पंचायत प्रतिनिधि और जनपद सीईओ को एकलव्य विद्यालय के मैदान समतलीकरण हेतु शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिये। वहीं वाटर हार्वेस्टिंग के उचित प्रबंधन हेतु लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।