पात्र हितग्राहियों को हर योजना का लाभ मिले यह हमारा दायित्व : पटेल
Posted On:- 2022-06-24
दिव्यांगों को मोटराईज्ड ट्राई साइकिल सहित अन्य उपकरण वितरित
महासमुंद (वीएनएस)। सामान्य प्रशासन समिति व सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा पटेल की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत सभाकक्ष में हुई। राज्य शासन ने सभी वर्गों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की है। जिसका लाभ प्रत्येक हितग्राही को मिले यह हम सब का दायित्व है। उन्होंने आज कृषि विभाग, वन विभाग तथा जल संसाधन विभाग अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, जिला पंचायत के मुख्य कायर्पालन अधिकारी एस. आलोक, समिति के सदस्यगण और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
इस दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने कृषि विभाग की ओर से संचालित कार्यों व योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों के लिए खाद, बीज के लक्ष्य, मांग, भण्डारण, वितरण की विस्तारपूर्ण जानकारी दी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि सिंचाई प्रगति, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, वॉटरशेड की प्रगति, परंपरागत कृषि विकास योजना के क्रियान्वयन के वित्तीय व भौतिक प्रगति, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, दलहन-तिलहन की प्रगति की जानकारी दी गई। बैठक के बाद समाज कल्याण योजना अंतर्गत दिव्यांग हितग्राहियों को दो मोटराईज्ड ट्राई साइकिल, एक ट्राई साइकिल दो सी.पी. चेयर, दो व्हील चेयर एवं एक श्रवण यंत्र सहित कुल 08 उपकरण का वितरण किया गया।
इसी तरह वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आवर्ती चारा क्षेत्र विकास कार्य, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, वृक्षारोपण कार्य योजना 2022, वन्य प्राणियों के द्वारा जनहानि, सम्पत्ति हान, नरवा विकास कार्य, तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य, लघु वनोपज संग्रहण कार्य, शहीद महेंद्र कर्मा सामाजिक सुरक्षा योजना के बारे में जिले में चलाए जा रहे कार्यों से अवगत कराया। इसके अलावा जिला पंचायत विकास निधि की मार्गदशिर्का अनुसार वर्ष 2021-22 कार्य के लिए प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी गई।