खाद की कमी दूर करने मंत्री भगत ने कलेक्टर को दिए निर्देश

Posted On:- 2022-06-24



सीतापुर-अम्बिकापुर क्षेत्र के किसानों ने मंत्री को बताई थी खाद की समस्या

रायपुर (वीएनएस)। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत ने सरगुजा जिला कलेक्टर से दूरभाष के माध्यम से चर्चा कर विधानसभा क्षेत्र सीतापुर सहित सरगुजा (अम्बिकापुर) जिले में खाद की कमी को पूरा करने तथा किसानों को सुगमता पूर्वक खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि मंत्री भगत ने सीतापुर और अंबिकापुर क्षेत्र के किसानों द्वारा रासायनिक खाद संबंधी समस्या बताए जाने पर तत्काल संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर से फोन पर बात की। मंत्री भगत ने कलेक्टर को किसानों की समस्या से अवगत कराया और जिले में खाद की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने किसानों की समस्या और ज़रूरत को पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के भी निर्देश दिए।

मंत्री भगत ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। निरंतर किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा उचित कदम उठाए जा रहे हैं।