पंचायत उपचुनाव : राज्य निर्वाचन आयुक्त ने की तैयारियों की समीक्षा

Posted On:- 2022-06-25



रायपुर (वीएनएस)। राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने शुक्रवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारियों की बैठक लेकर त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के तहत 28 जून को होने वाले मतदान की तैयारियों की समीक्षा की। स्वतंत्र, निष्पक्ष व भय मुक्त मतदान के लिए आयोग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्दशों का भी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के पहले और मतदान के दौरान आदर्श आचरण संहिता का पूर्णतः पालन हो।

वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में मतपत्र मुद्रण की व्यवस्था की समीक्षा की गई। मतदान मतपेटियों के माध्यम से होगा। जनपद सदस्य पद के लिए पीला, सरपंच पद के लिए नीला और पंच पद के लिए सफेद रंग के मतपत्र होंगे। मतदान केन्द्रों एवं मतगणना स्थल में छाया, पेयजल, ईमरजेन्सी लाईट व अन्य जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। रूट चार्ट के अनुसार वाहन व्यवस्था और एवं बरसात को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग का चिन्हांकन एवं सत्यापन कर लिया जाए। बरसात को देखते हुए स्ट्रांग रूम की तैयारी की जाए।

बैठक में निर्देशित किया गया कि त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के लिए नियुक्त सेक्टर अधिकारियों से मतदान केन्द्रों व रूट का सत्यापन कराएं। सेक्टर अधिकारी सतत् अपने क्षेत्रों में भ्रमण करें। कंट्रोल रूम की व्यवस्था एवं उसमें प्राप्त हो रही शिकायतों के लिए पंजी संधारित करें और उनके निराकरण की सतत समीक्षा की जाए। कानून व्यवस्था की समीक्षा करे। प्रतिबंधात्मक कार्यवाही पर विशेष ध्यान दें। पेट्रोलिंग की व्यवस्था भी सतत् संचालित हो। चैलेंज वोट, टेंडर वोट, पीठासीन अधिकारी की डायरी के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल, मतगणना प्रक्रिया, सारणीकरण एवं परिणामों की घोषणा तथा निर्वाचन परिणामों अधिसूचित करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। पंच एवं सरपंच पदों के निर्वाचन परिणामों को अधिसूचित करने के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी और जनपद सदस्य के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अभिहित अधिकारी होंगे।

उल्लेखनीय है कि त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव 2022 अंतर्गत राज्य के 21 जिलों में जनपद पंचायत सदस्य के 3, सरपंच के 62 और पंच के 52 पदों पर सविरोध निर्वाचन के लिए 28 जून को प्रातः 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के पश्चात् मतगणना केन्द्रों में ही मतगणना होगी और आवश्यक होने पर 29 जून, बुधवार अपरान्ह 3 बजे से तहसील/खण्ड मुख्यालयों में मतगणना होगी। सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा 30 जून गुरूवार को प्रातः 9 बजे से खण्ड मुख्यालयों में होगी।

बैठक में आयोग के सचिव रिमिजियुस एक्का, उप सचिव दीपक अग्रवाल, श्रीमती अंकिता गर्ग एवं आयोग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।