राजनांदगांव (वीएनएस)। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना गरीब व जरूरतमंद लोगों के लिए मददगार बनी है। इस योजना के तहत जिले में 134 व्यक्तियों को 1 करोड़ 99 लाख 62 हजार रुपए की राशि मरीजों के ईलाज के लिए दी गई है। इस योजनांतर्गत जटिल व गंभीर रोगों के नि:शुल्क ईलाज के लिए 20 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है। ऐसी बड़ी बीमारियों में शासन से मिल रही यह मदद महत्वपूर्ण है। बीपीएल श्रेणी के नागरिकों को कैंसर, ह्दयघात, ट्यूमर, ब्लड कैंसर, मलेरिया, इंडोवस्कूलर इम्बोलिजेशन, ब्रेन ट्यूमर, किडनी और अन्य की गंभीर बीमारी के ईलाज में शासन की ओर से सहायता राशि दी जा रही है।
डोंगरगांव की खोमेश्वरी पटेल को बे्रस्ट कैंसर के ईलाज के लिए 4 लाख 64 हजार रुपए की राशि प्राप्त हुई है। उनके पति रिखीराम पटेल ने बताया कि परिवार में इस तरह किसी के गंभीर बीमारी से ग्रस्त हो जाने पर काफी परेशानी होती है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना हमारे लिए मददगार रही और इस योजना के तहत प्राप्त राशि से उनकी पत्नी खोमेश्वरी पटेल का ईलाज हो रहा है। खैरागढ़ के संजय यादव ने बताया कि उन्हें पैनक्रियाज में ट्यूमर हुआ, जो कैंसर में बदल गया। ऐसी स्थिति में काफी तकलीफ हुई और एम्स रायपुर ईलाज के लिए जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य योजना के तहत 3 लाख रुपए की सहायता राशि से बहुत मदद मिली। डोंगरगांव के गिरधारी लाल धनकर ने बताया कि उन्हें मलेरिया हो गया था, जिसने गंभीर रूप धारण कर लिया था। जिसकी वजह से किडनी, लीवर ने कार्य करना बंद कर दिया था। वे सात दिन तक कोमा में थे। उनके बेटे ने बताया कि शासन की ओर से पिता के ईलाज के लिए 5 लाख रूपए की सहायता राशि मिली और धीरे-धीरे उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ। उन्होंने इस मदद के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया।
राजनांदगांव के प्रतीक यादव एप्लास्टिक एनिमिया जैसी दुर्लभ बीमारी से पीड़ित थे। उनके ईलाज के लिए 4 लाख 80 हजार रुपए की मदद शासन की ओर से दी गई। शगुन लाल मरकाम को 3 लाख 40 हजार 800 रुपए, मास्टर हेमन्त निषाद को 4 लाख 44 हजार 600 रुपए, कल्पना उजवने को 6 लाख 56 हजार 470 रुपए, निधि गहिने को 4 लाख 40 हजार रुपए, रेखा तेजवानी को 3 लाख 3 हजार 160 रुपए, हीराबाई पटेल को 3 लाख 14 हजार, सीताराम गोर्रे को 4 लाख 69 हजार रुपए, अन्विता हरिहारनो को 3 लाख 10 हजार रुपए, मालती गंजीर को 4 लाख 80 हजार रुपए, बाबुलाल को 3 लाख 59 हजार रुपए की सहायता राशि मिली है।