डिफेंस सर्विस में केरियर की संभावना विषय पर केजी कॉलेज में एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न

Posted On:- 2022-06-25



नेवल ऑफिसर मनीष पटेल ने एनसीसी कैडेट्स को दिए टिप्स

रायगढ़ (वीएनएस)। किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में "अपॉर्चुनिटी इन डिफेंस स्पेशली इन नेवी" विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन एनसीसी एवं मनोविज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वाधान में किया गया। इस कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में इंडियन नेवी के सब लेफ्टिनेंट मनीष पटेल आमंत्रित थे कार्यक्रम के शुरुवात में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. प्रीति षडंगी द्वारा आमंत्रित वक्ता सब लेफ्टिनेंट मनीष पटेल को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया एवं स्वागत उद्बोधन देते हुए आमंत्रित अतिथियों का परिचय भी कराया गया । तत्पश्चात लेफ्टिनेंट शारदा घोघरे ने कार्यशाला के मुख्य उद्देश्यों से एनसीसी कैडेट्स को परिचित करवाया कि एनसीसी के कैडेट्स एवं महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों द्वारा समय- समय पर सेना में सेवा के संबंध में जानकारी प्राप्त करने की इच्छा जाहिर की गई थी इसीलिए रायगढ़ के प्रतिष्ठित व्याख्याता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक भोजराम पटेल के द्वितीय सुपुत्र मनीष पटेल जो इंडियन नेवी में सब लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त हुए हैं इन्हे मार्गदर्शक वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया ।

इस अवसर पर अतिथि वक्ता भोजराम पटेल ने स्वयं को भाग्यशाली पिता बताया एवं अपने जीवन की संघर्ष गाथा और अपने दोनों पुत्रों को नौसेना में अफसर बनाने के लिए किये गये प्रयास तथा विभिन्न लोगों द्वारा जीवन यात्रा के संघर्ष में किए गए सहयोग की जानकारी भी दी गई उन्होंने बताया कि आप अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ें आपकी सहायता करने वाले लोग आपके साथ खड़े होंगे ।मुख्य मार्गदर्शक वक्ता के रूप में आमंत्रित मनीष पटेल ने अपने वक्तव्य में बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा रायगढ़ के राजीव नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में हुई उसके पश्चात सैनिक स्कूल अंबिकापुर से उन्होंने शिक्षा ग्रहण की एवं एनसीसी के कैडेट्स रहते हुए अल्फा ग्रेडिंग के साथ सर्टिफिकेट प्राप्त किया । वर्ष 2017-18 में वे स्कूल कैप्टन रहे तथा उन्हें सैनिक स्कूल अंबिकापुर में बेस्ट कैडेट्स के रूप में भी चुना गया। उन्होंने बताया कि अपने भाई लेफ्टिनेंट कृपासिंधु पटेल को अपना आदर्श मानकर एनडीए परीक्षा की तैयारी करते हुए इसमें सफलता प्राप्त की । हिंदी माध्यम स्कूल से एनडीए तक के सफर में उन्हें किन किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और उन कठिनाइयों को उन्होंने आत्मविश्वास और साहस के साथ दूर किया यह अनुभव भी उन्होंने कैडेट्स के साथ साझा किया साथ ही उन्होंने बताया कि एयर फोर्स , नेवी और थल सेना में प्रवेश के लिए किस प्रकार से तैयारी की आवश्यकता होती है और किस प्रकार से आप इसमें कमीशन और नॉन कमीशंड ऑफिसर बन सकते हो। उन्होंने बताया कि एनसीसी सी सर्टिफिकेट प्राप्त करता कैडेट्स के लिए विशेष प्रावधान है। उन्होंने विशेष रुप से पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि क्यों नेवी में जाने की आवश्यकता है साथ ही उन्होंने भारत के समुद्री सीमा के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी ।

अपने उद्बोधन में सब लेफ्टीनेंट मनीष पटेल में ईस्टर्न कमांड , वेस्टर्न कमांड और साउदर्न कमांड के बारे में भी बताया और स्पेशली उन्होंने यह बताया कि नेवी में ऑफिसर बनने के लिए कौन- कौन सी जॉब ऑपर्च्युनिटी उपलब्ध है और उसके लिए किस प्रकार से तैयारी की आवश्यकता है। उन्होंने अपने स्वयं के भी अनुभव साझा किए कि किस प्रकार से उन्होंने एनडीए के लिए प्रिपरेशन किया था और वहां किस प्रकार से साइकोलॉजिकल टेस्टिंग की जाती है । एनसीसी कैडेट्स को प्रेरित करते हुए मनीष पटेल ने कहा कि आपकी पॉजिटिव सोच और आपके स्वयं के सोचने का तरीका ही आपके चयन का माध्यम बनता है। उन्होंने बताया की किस प्रकार से आप को ग्रुप टास्क दिए जाते हैं सिलेक्शन के लिए आपको ग्रुप डिस्कशन भी विभिन्न समसामयिक विषय पर पकड़ रखना एवं उसे समय के साथ अभिव्यक्ति देना आवश्यक है तभी आपका चयन नेशनल डिफेंस एकेडमी में हो सकता है। कार्यशाला के दौरान एनसीसी कैडेट्स द्वारा कई प्रकार के जिज्ञासा व्यक्त कर सवाल किए गए जिनके संतोषप्रद समाधान कर सब लेफ्टिनेंट मनीष पटेल ने जवाब दिया ।

कार्यक्रम के अंत में सब लेफ्टिनेंट मनीष पटेल को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन डॉक्टर रविंद्र कौर चौबे द्वारा किया गया । इस कार्यक्रम में डॉ. प्रीति षडंगी , डॉ.श्वेता तिवारी ,लक्षेश्वरि, श्रीमती तनुजा इत्यादि प्राध्यापकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स आकाश गुप्ता ,बबीता विश्वकर्मा, सृष्टि मिश्रा ,साक्षी , शिखा, प्रियंका निर्मलकर ,जय निर्मलकर मनीष, केदारनाथ ,संग्राम, आदिकी सक्रिय भागीदारी रही कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय के एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ. शारदा घोघरे द्वारा किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अंजनी कुमार तिवारी द्वारा इस कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की और कहा कि जरूरी है कि समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाए ताकि महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स और छात्र छात्राओं को बेहतर भविष्य बनाने के लिए उस संबंधित क्षेत्र के अधिकारी द्वारा निर्देशित किया जा सके।