रोहित शर्मा कोरोना संक्रमित, बीसीसीआई ने दी जानकारी...

Posted On:- 2022-06-26



नई दिल्ली (वीएनएस)। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। भारत को एक जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच खेलना है, जो पिछले साल कोरोना की वजह से नहीं हो सका था, लेकिन इस बार भी इस मैच पर कोरोना का खतरा मंडरा रहा है। शनिवार के दिन अभ्यास मैच में रोहित शर्मा ने बल्लेबाजी नहीं की थी। इसकी वजह किसी को समझ नहीं आ रही थी, क्योंकि रोहित बहुत अच्छी फॉर्म में भी नहीं हैं और लय में लौटने के लिए अभ्यास मैच जरूरी है, लेकिन देर रात तक उनके कोरोना संक्रमित होने की जानकारी मिली।

अब टीम इंडिया को पहला टेस्ट कप्तान रोहित के बिना भी खेलना पड़ सकता है। ऐसे में ऋषभ पंत टीम इंडिया की कप्तानी कर सकते हैं। हालांकि, रोहित के फिट होने की भी उम्मीद है, क्योंकि इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज के दौरान केन विलियम्सन और टॉम लाथम भी कोरोना संक्रमित हुए थे, लेकिन दोनों तीसरे टेस्ट मैच में खेल रहे हैं।

रोहित शर्मा को रैपिड एंडीजन टेस्ट में कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसके बाद उन्हें आइसोलेट कर दिया गया है और बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी देखरेख कर रही है। अब रोहित को लगातार आरटीपीसीआर टेस्ट कराने होंगे और कोरोना से उबरने तक आइसोलेशन में रहना होगा। आरटीपीसीआर टेस्ट में लगातार निगेटिव आने पर रोहित जल्द ही टीम इंडिया के साथ जुड़ सकते हैं।

अश्विन और विराट भी आ गए थे कोरोना की चपेट में इससे पहले भारतीय टीम के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी कोरोना की चपेट में आ गए थे। इस वजह से वह बाकी खिलाड़ियों के साथ लंदन नहीं गए थे। हालांकि, अब वह ठीक हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले हफ्ते लंदन पहुंचे विराट कोहली भी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। हालांकि, अब वह भी ठीक हैं। एक जुलाई से शुरू होगा टेस्ट भारत और इंग्लैंड के बीच एकमात्र टेस्ट की शुरुआत एक जुलाई से होगी। यह पिछले साल हुई टेस्ट सीरीज का हिस्सा है। पिछले साल भारतीय टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड पहुंची थी, लेकिन चार मैचों के बाद भारत के कुछ खिलाड़ी और कोच कोरोना संक्रमित पाए गए थे। ऐसे में टीम इंडिया ने चार टेस्ट के बाद पांचवां टेस्ट खेलने से मना कर दिया था। उसी टेस्ट को इस दौरे पर कराया जा रहा है। भारतीय टीम पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में फिलहाल 2-1 से आगे है। यह टेस्ट वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है। तीसरे दिन भारत का स्कोर 364/9 भारत और लीसेस्टरशायर के बीच चार दिवसीय प्रैक्टिस मैच लीसेस्टर में खेला जा रहा है। शनिवार (25 जून) को मुकाबले का तीसरा दिन रहा। भारत ने पहली पारी में आठ विकेट पर 246 रन बनाए थे। वहीं, लीसेस्टरशायर की टीम पहली पारी में 244 रनों पर सिमट गई थी। इस तरह भारत को दूसरी पारी में दो रन की बढ़त मिली। टीम इंडिया फिलहाल अपनी दूसरी पारी खेल रही है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने दूसरी पारी में नौ विकेट गंवाकर 364 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया की बढ़त अब तक 366 रन की हो चुकी है।