छग वन कर्मचारी संघ की बैठक में मार्च-अप्रैल में हुए आंदोलन पर हुई चर्चा

Posted On:- 2022-06-26



कवर्धा (वीएनएस)। छत्तीसगढ वन कर्मचारी संघ रायपुर, जिला इकाई कवर्धा का बैठक काष्ठागार कवर्धा में आयोजित किया गया। बैठक में जिले भर के वन कर्मचारी उपस्थित रहे। कर्मचारियों ने मार्च-अप्रैल 2022 में 12 सूत्रीय मांगो को लेकर किए गए आंदोलन पर विस्तृत चर्चा की। 21 मार्च से 13 अप्रैल तक हुए हड़ताल की समीक्षा की गई तथा हड़ताल अवधि को देय अवकाश में स्वीकृत कर वेतन बनाने के लिए संगठन को आवश्यक पहल करने कहा गया। उक्त हड़ताल शासन प्रशासन द्वारा 60 दिवस में मांग पूरी करने के आश्वासन पर 13 अप्रैल को हड़ताल स्थगित किया गया था। किन्तु आज 60 दिवस से भी अधिक का समय व्यतीत हो जाने पर शासन की ओर से मांगों को पुरा करने संबंधी कोई पहल नहीं किया जा रहा है, जिससे वन कर्मचारियों में रोष है। इसके अलावा वनमण्डल स्तर पर सातवें वेतनमान का एरियर्स, समयमान वेतनमान का एरियर्स, चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयक, सेवानिवृत्त कर्मचारियों का पेंशन तथा अनुकम्पा नियुक्ति प्रकरण सहित कई मामले लम्बे समय से अटका हुआ है।

पूर्व में वन कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर वन मंडलाधिकारी से निवेदन किया गया था तथापि 4 माह का समय बीत जाने के बाद भी समस्याएं जस की तस बनी हुई है। वन कर्मचारी संघ लंबित मांगों को लेकर पुनः आंदोलन का रुख अख्तियार करने की तैयारी में है। जिलाअध्यक्ष ने कहा कि इस संबंध में जिले के कर्मचारियों का विचार प्रांतीय नेतृत्व को साझा कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।