ट्वेंटी-ट्वेंटी अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में भारत ने आयरलैंड को सात विकेट से हराया

Posted On:- 2022-06-27



नई दिल्ली (वीएनएस)। डबलिन में, दो ट्वेंटी-ट्वेंटी अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में भारत ने आयरलैंड को सात विकेट से हरा दिया। बारिश के कारण मैच 12 ओवर का कर दिया गया। टॉस हारकर आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 108 रन बनाए। हैरी टेक्‍टर ने नाबाद 64 रन की पारी खेली। भारत की ओर से यजुवेंद्र चहल, भुवनेश्‍वर कुमार, हार्दिक पंड्या और आवेश खान ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में भारत ने दसवें ओवर में तीन विकेट पर 111 रन बनाकर जीत दर्ज की। सलामी बल्‍लेबाज दीपक हुड्डा ने नाबाद 47 और इशान किशन ने 26 रन बनाए। आयरलैंड की ओर से क्रेग यंग ने दो विकेट लिए। इस मैच में हार्दिक पंड्या ने पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी की जबकि तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने अपना पहला मैच खेला। मेजबान आयरलैंड ने कोनोर ओलफर्ट को पहली बार टीम में जगह दी है। श्रृंखला का दूसरा और अंतिम मैच मंगलवार को डबलिन में ही खेला जाएगा।