देश में डिजिटल संरचना का तेजी से विस्‍तार हो रहा : अनुराग सिंह ठाकुर

Posted On:- 2022-06-27



नई दिल्ली (वीएनएस)। सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि देश में डिजिटल संरचना का तेजी से विस्‍तार हो रहा है। उन्‍होंने कहा कि एनिमेशन, विजुअल इफेक्‍ट्स, गेमिंग और कॉमिक्‍स - एवीजीसी क्षेत्र में भारत को मीडिया और मनोरंजन के लिए प्रमुख केंद्र बनाने की क्षमता है। मीडिया और मनोरंजन के बदलते परिदृश्‍य पर आयोजित राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन में श्री ठाकुर ने कहा कि देशभर में एवीजीसी क्षेत्र के लिए ठोस डिजिटल आधारशिला तैयार हो रही है। इस सम्‍मेलन का आयोजन आज पुणे में सिम्बियोसिस स्किल एंड प्रोफेशनल यूनिवसिर्टी ने किया है। श्री ठाकुर ने कहा कि घरेलू और वैश्विक मांग की पूर्ति के लिए विश्‍व स्‍तरीय प्रतिभाएं विकसित करने के उद्देश्‍य से सरकार ने - एवीजीसी क्षेत्र के लिए कार्यबल गठित किया है। उन्‍होंने कहा कि मीडिया और मनोरंजन एक उभरता हुआ क्षेत्र है, जिसमें 2025 तक प्रत्‍येक वर्ष चार लाख करोड़ रूपये का कारोबार होने की संभावना है जो 2030 तक साढ़े सात लाख करोड़ रूपये का हो सकता है। श्री ठाकुर ने कहा कि देश उत्‍कृष्‍ट कार्यक्रमों के डिजिटल युग में प्रवेश कर रहा है इसलिए रेडियो, फिल्‍म और मनोरजंन उद्योग में रोजगार के आपार अवसर हैं। वीडियो संपादन, कलर ग्रेडिंग, विजुअल इफेक्‍ट्स, साउंड डिजाइन, रोटोस्‍कॉपिंग, थ्री डी मॉडलिंग, एनीमेशन और कई अन्‍य क्षेत्रों में नए-नए रोजगार सृजत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय ने इस क्षेत्र को प्रोत्‍साहन देने के लिए सभी आवश्‍यक उपाय किए हैं।