सरना एथिनक रिसोर्ट में मुख्यमंत्री ने किया टेलिस्कोप का लोकार्पण

Posted On:- 2022-06-27



जशपुर में किया 120 करोड़ के विकास कार्यो का भूमिपूजन व लोकर्पण

रायपुर (वीएनएस)। मुख्यमंत्री बघेल ने सरना एथिनक रिसोर्ट में पर्यटकों के लिए स्थापित किए गए टेलिस्कोप का लोकार्पण किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जशपुर विधानसभा में 120 करोड़ 50 लाख 55 हजार रुपए के विकास कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकर्पण किया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रिसोर्ट में टेलिस्कोप का शुभारंभ किया गया हैl उन्होंने यह टेलीस्कोप देशदेखा पर्यटन महिला स्व सहायता समूह को प्रदान किया, जो इस टेलिस्कोप को देशदेखा पर्यटन स्थल पर संचालित करेंगे। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। साथ ही देशदेखा पर्यटन समिति को 10 कैम्पिंग टेंट व उपकरण भी प्रदान किया गया। पर्यटन स्थल देश देखा में कैम्पिंग की व्यवस्था हो जाने से पर्यटकों द्वारा रात्रि विश्राम का आनंद लिया जा सकेगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जोहार जशपुर वेबसाइट भी लॉन्च किया। जिससे जशपुर के सभी पर्यटन स्थल की लोकेशन एवं आस पास के बारे में सारी जानकारी पर्यटकों को मिल सकेगी। मुख्यमंत्री बघेल ने जशपुर विधानसभा में 120 करोड़ 50 लाख 55 हजार रुपए के कुल 152 कार्यो का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। जिसके अंतर्गत 60 करोड़ 61 लाख 22 हजार रूपए के 89 लोकार्पण कार्य एवं 59 करोड़ 89 लाख 33 हजार रूपए के 63 भूमिपूजन कार्य शामिल है।