कचलारम एवं काकड़मेट्टा के ग्रामीणों को अब गांव में ही मिलेगा राशन

Posted On:- 2022-06-27



बीजापुर(वीएनएस)। बीजापुर ब्लाक के सुदूर पंचायत ग्राम पंचायत मिड़ते जिसका आश्रित ग्राम कचलारम एवं काकड़मेट्टा मिड़ते से 30 किलोमीटर दूरी पर स्थित है। कचलारम और काकड़मेट्टा के ग्रामीणों को वर्तमान में ग्राम पंचायत तोयनार से राशन उपलब्ध कराया जा रहा है किन्तु 8-10 किलोमीटर तोयनार से राशन लेने में ग्रामीणों को काफी मशक्कत करना पड़ रहा है। बीच में नाला होने से बरसात के दिनों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिले के जनप्रतिनिधियों ने कचलारम और काकड़मेट्टा के ग्रामीणों को उनके मूल गांव में राशन उपलब्ध कराने की मांग की थी जिस पर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी बीजापुर डॉ. हेमेन्द्र भूआर्य ने कचलारम में राशन दुकान की अनुमति प्रदान की। आगामी अगस्त माह से अब कचलारम और काकड़मेट्टा के 200 कार्डधारी परिवारों को उनके मूल गांव में राशन उपलब्ध होगा। जिससे ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। क्योकि तोयनार से राशन लाना बहुत कठिन कार्य हो गया था। दिनभर का समय राशन लेने में चला जाता था जिससे श्रम और समय का नुकसान होता था। अब गांव में राशन उपलब्ध होने से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। ग्रामीणों के बरसों पुराने मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।