सभी नोडल अधिकारी गौठानों का प्रति सप्ताह निरीक्षण करें : कलेक्टर

Posted On:- 2022-06-27



  बालोद (वीएनएस)। कलेक्टर महोबे ने कहा कि गौठानों के सभी नोडल अधिकारी प्रति सप्ताह अनिवार्य रूप से संबंधित गौठानों का निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर महोबे आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को गौठान निरीक्षण के दौरान गौठान में संचालित आजीविकामूलक गतिविधियों का अवलोकन करने तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने केलिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर महोबे ने कहा कि नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी योजना शासन की विशेष प्राथमिकता वाली योजना है, इसलिए जिले में इस योजना का बेहतर क्रियान्वयन होना आवश्यक है। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कायर्पालन अधिकारी डॉ. रेणुका श्रीवास्तव सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के अलावा विभाग प्रमुखगण उपस्थित थे। कलेक्टर महोबे ने कहा कि सभी नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि गोठानों में नियमित रूप से गोबर की खरीदी हो रही है। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को आगामी समय-सीमा की बैठक में गौठानों की व्यवस्था बेहतर बनाने के संबंध में किए गए कार्यों की प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने आवर्ति चारागाह के कार्यों की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने क्षतिग्रस्त शाला भवनों व आश्रम छात्रावास भवनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए ऐसे भवनों को तत्काल डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए हैं। जिससे कि किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित न हो सके। सहकारी समितियों में खाद-बीज की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए सभी राजस्व अधिकारियों को इसकी सतत मानीटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर महोबे ने वर्षा ऋतु में सभी शासकीय भवनों में अनिवार्य रूप से तड़ित चालक लगाने के निर्देश भी सभी विभाग प्रमुखों को दिए हैं। कलेक्टर ने वृक्षारोपण अभियान के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजना बनाकर इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को आपसी समन्वय बनाकर इस कार्य को करने को कहा है। श्री महोबे ने खेल अधिकारी को जिले में खेल गतिविधियों के विस्तार केलिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली तथा इसके लिए जरूरी उपाय सुनिश्चित करने को कहा। जिले में सी-मार्ट के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा 01 जुलाई से अनिवार्य रूप से सी-मार्ट प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयावधि तक सी-मार्ट के लिए जरूरी व्यवस्थाएॅ सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने जिले में कोरोना वायरस के प्रसार के नियंत्रण के जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए तथा इसके लिए शतप्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा कराने को कहा।