जिपं सदस्य अनीता ध्रुव के नेतृत्व में तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

Posted On:- 2022-06-27



  धमतरी (वीएनएस)। जन आन्दोलन संघर्ष समिति कुकरेल की ओर से विगत तीन वर्षों से कुकरेल तहसील क्षेत्र व दुगली, गट्टासिल्ली तथा सिंगपुर क्षेत्र के लगभग 105 गाँवों की मुलभुत समस्याओं को लेकर पांच सुत्रीय मॉंग- तहसील मुख्यालय कुकरेल में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक खोलने, तहसील मुख्यालय कुकरेल में महाविद्यालय कॉलेज खोलने, सिलयारी नाला डायवर्सन से फुटहामुड़ा होते हुए स्वीकृत नहर नाली निर्माण कार्य को जल्द से जल्द प्रारंभ करने की मांग, तहसील मुख्यालय कुकरेल से बिरझुली तक मार्ग चौड़ीकरण व डामर रोड़ निर्माण और सोण्डूर जलाशय से गट्टासिल्ली, दुगली, डोगरडूला तथा सिंगपुर क्षेत्र में नहर नाली विस्तार की मांग की जा रहीं हैं। इन मांगों को लेकर क्षेत्र के ग्रामीण जन आन्दोलन संघर्ष समिति के बैनर तले भूखहड़ताल, चक्काजाम, धरना प्रदर्शन, सत्याग्रह आन्दोलन किया जा रहा था, जिसके बीच 09 अक्टूबर 2021 को कलेक्टर के आदेश पर प्रशासनिक अधिकारी चन्द्रकांत कौशिक अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, हनुमंत श्यामा तहसीलदार कुकरेल, आरएन सिंगर थाना प्रभारी केरेगांव सहित अधिकारी कमर्चारी आन्दोलनकारियों से चर्चा कर उनकी पांच सुत्रीय मांग को शासन को भेजकर तीन माह में पूर्ण करने का लिखित आश्वासन दिया गया था। जिससे आन्दोलनकारियों ने अपना आन्दोलन समाप्त किया था। लेकिन आज 8 माह गुजर जाने के बाद भी एक भी मॉंग को पूर्ण नही किया गया है,जिससे आक्रोशित होकर जन आन्दोलन संघर्ष समिति के अध्यक्ष अनीता ध्रुव जिला पंचायत सदस्य और अजय यादव अध्यक्ष ने अपनी पांच सुत्रीय मॉंग को लेकर तहसीलदार राधाकृष्ण बंजारे को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम स्मरण पत्र का ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पांच सुत्रीय मॉंग एक माह में पूर्ण नही होने पर अपनी मांगो को लेकर पुन: जन आन्दोलन संघर्ष समिति द्वारा उग्र आन्दोलन व धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी शासन प्रशासन को दी है। इस मौके पर जन आन्दोलन संघर्ष समिति के पदाधिकारी मोहन दास मानिकपुरी, भगवान सिन्हा, भरत लाल साह, कोमल दास मानिकपुरी, गुहाराम ध्रुव, नेमी दास मानिकपुरी, नेमीन बाई ध्रुव, कामनी बाई साहू, हेमलता ध्रुव, शान्ति बाई ध्रुव, चम्पा बाई पटेल, गीता बाई साहू, भारत नागेश, गया राम साहू, मदन लाल साहू, घनश्याम साहू, भोज रामटेके, खिलेन्द्र कुमार पटेल सहित काफी संख्या में उपस्थित रहें।