दक्षिण मगरलोड के 40 गांव के किसानों ने 7 सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

Posted On:- 2022-06-27



7 दिन की मोहलत, नहीं होने पर सिहावा चौक में चक्का जाम की चेतावनी

धमतरी (वीएनएस)। किसान संघर्ष संघ मगरलोड वनांचल क्षेत्र के 40 गांव के किसानों ने कलेक्टोरेट के सामने प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष से रखा। 7 दिन में मांगे पूरी नहीं होने पर चक्का जाम की चेतावनी दी। प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट के सामने बैरिकेड लगाकर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। मगरलोड के 40 गांव के किसान अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर शासन प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते रहते हैं। जब मांगे पूरी नहीं हुई तो उन्हें प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा। सोमवार को सभी गांव के लोग वाहनों में जनपद के पास पहुंचे जहां से रैली निकालकर कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। किसानों का ज्ञापन लेने नायब तहसीलदार पहुंची थी, लेकिन किसानों का कहना था कि हर बार भी ऐसा होता है। इस बार वह कलेक्टर को स्वयं देंगे इस बात पर अड़े रहे और वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई। आखिरकार एसडीएम विभोऱ अग्रवाल को ज्ञापन दिया गया। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से सिंगपुर किसान समिति के अध्यक्ष रामायण सिन्हा, राधेलाल सिन्हा, कुलेश्वर साहू सरपंच, जगन्नाथ मंडावी, गजेंद्र कुमार, ओमप्रकाश नेताम,वीरेंद्र निर्मलकर, वामन साहू,चोवा राम साहू, लोकनाथ सिन्हा, लालजी, आकाश कुमार, नरेंद्र कुमार, उमेश कुमार, धनंजय साहू,भगवंतीन, धनेश्वरी, गोदावरी,देवन्त बाई सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे। ये है प्रमुख मांगें : डीएपी खाद की सिंगपुर सोसायटी में तत्काल पूर्ति हो। सिंगपुर में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मगरलोड का उपशाखा का स्थापना हो। फसल बीमा से वंचित ग्रामो को योजना का तत्काल लाभ दिया जाए। ग्रा पं मोहेरा व मुलगांव धान खरीदी केन्द्र को सिंगपुर सोसायटी से अलग कर नवीन सोसायटियो की स्थापना हो। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा मगरलोड में पासबुक एंट्री कार्य किसानो के मांग करने पर तत्काल पासबुक एंन्ट्री हो। रबी के फसल में हाथी से नुकसान हुए फसलो का उचित मुआवजा तत्काल प्राप्त हो। फसल अनावरी रिपोर्ट किसानो की ही उपस्थिति में हो।