
खरसिया (वीएनएस)। युवाओं से शुरू हुआ अग्निपथ योजना का विरोध अब राजनीतिक रूप ले चुका है। विभिन्न राजनीतिक दल भी केंद्र सरकार अग्निपथ योजना का विरोध करने लगे हैं। सोमवार को इस योजना के विरोध में कांग्रेसियों ने सत्याग्रह किया। इसी कड़ी में आज शहीद नंदकुमार पटेल स्मारक स्थल पर एक दिवसीय विधानसभा स्तरीय सत्याग्रह कार्यक्रम उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस दौरान भारी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सर्वप्रथम उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर पुजा अर्चना किया तथा रेस्ट हाऊस के सामने स्थित शहीद नंदकुमार पटेल की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन करते हुए अग्निपथ योजना के विरोध में सत्याग्रह कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सत्याग्रह कार्यक्रम में उपस्थित खरसिया विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी वक्ताओं ने केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में अपना उद्बोधन दिए।
सत्याग्रह कार्यक्रम के अपने वक्तव्य में मंत्री उमेश पटेल ने कहा कि ‘अग्निपथ योजना के तहत युवाओं को 6 महीने का ट्रेनिंग देकर सेना में 4 साल टेम्प्रेरी रूप से रखे जाएंगे जो देश के सेना के लिए सही नहीं है। देश की सेना में देश के प्रति अटूट प्रेम व मर मिटने जज्बा होता है। बॉर्डर में निडर खड़े होकर सैनिक के सीने में गोली खाने का जज्बा होता है महज 6 महीने की ट्रेनिंग व 4 साल की टेम्प्रेरी नौकरी में वो जज्बा कभी नहीं आ सकता। इससे सेना कमजोर होगी। कांग्रेस पार्टी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पदचिन्हों पर चलते हुए शांति देश में विरोध के नाम पर जो सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है वो गलत है। हमें शांति पूर्ण ढंग से इसका विरोध करना है। किसी भी तरह की हिंसा को कांग्रेस समर्थन नहीं करता है।’
वहीं उन्होंने आगे कहा कि खरसिया रेलवे ओवर ब्रिज के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद टेंडर लगेगा। सम्भवतः इस साल के अंत मे कार्य शुरू हो जाएगा। बानीपाथर ओवरब्रिज चालू हो गया है। कोतरा रोड ओवरब्रिज का काम पूरा हो चुका है जल्द चालू होगा। वहीं खरसिया और भूपदेवपुर में भी ओवरब्रिज बनेगा। जिससे खरसिया विधानसभा रेल्वे ट्रैक फ्री हो जाएगा।
मंत्री उमेश पटेल ने सत्याग्रह कार्यक्रम के दौरान यूथ कांग्रेस खरसिया की टीम की प्रशंसा की। वहीं उन्होंने कहा की दो दिन पहले यूथ कांग्रेस की टीम ने अग्निपथ योजना के विरोध में रैली निकालकर केंद्र सरकार का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था वो प्रशंसनीय है। हमारी यूथ कांग्रेस ही कांग्रेस पार्टी की पहचान है।
झा परिवार के लिये देवदूत बने होरीलाल राठिया को किया सम्मानित मंत्री उमेश पटेल ने विगत दिनों खरसिया के आड़पथरा डैम हादसे में मदनपुर निवासी झा परिवार के लिए देवदूत बनकर माण्ड नदी में कुदकर बच्चों को बाहर निकालकर जीवनदान देने वाले जांबाज होरीलाल राठिया को साल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और इस कार्य के लिए उन्हें बधाई देते हुए होरीलाल को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।