डिजिटलीकरण ने युवा भारतीयों के लिए नए अवसर खोले : राजीव चंद्रशेखर

Posted On:- 2022-06-28



नई दिल्ली (वीएनएस)। केंद्रीय इलेक्‍ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी, कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने निरमा विश्वविद्यालय, अहमदाबाद में युवा भारत के लिए नया भारत: अवसरों का प्रौद्योगिकी दशक विषय पर प्रस्तुति के दौरान एक छात्र के पूछे गए प्रश्नों में से एक के उत्तर में कहा कि इन दिनों स्टार्टअप्स कोई फैशन नहीं, बल्कि एक नया चलन (एक ऐसा चलन जो अब सामान्य रूप ले चुका है) है। ये पिछले 8 वर्षों में नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई सक्रिय नीतियों और सुधारों की वजह से भारतीय अर्थव्यवस्था में आए गहरे संरचनात्मक परिवर्तनों से उभरने वाली नई वास्तविकता हैं। केंद्रीय मंत्री ने इस अवसर पर मौजूद स्टार्टअप्स, शिक्षाविदों और छात्रों से बातचीत करते हुए उन अवसरों को सूचीबद्ध किया जो युवाओं के लिए आगे आने वाले समय में उपलब्ध होंगे क्योंकि भारत उस दिशा में आगे बढ़ रहा है जिसे प्रधानमंत्री भारत का प्रौद्योगिकी दशक अर्थात टेकेड कहते हैं। उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि कोविड महामारी के दौरान तेजी से डिजिटलीकरण ने आम तौर पर भारत के लिए और विशेष रूप से युवा भारतीयों के लिए नए अवसर खोले हैं। उन्होंने महामारी से निपटने के लिए नरेन्द्र मोदी सरकार की सराहना की, जिसने एक लचीले और आत्मविश्वास से भरे नए भारत की शुरुआत की है। नया भारत लोकतंत्र की पुरानी परंपराओं को बदल रहा है और कुछ चुनिंदा लोगों को मिल रहे ऋण और अन्य अवसरों के चलन को भी बंद कर रहा है। उन्होंने मजबूत जीडीपी विकास दर का हवाला दिया क्योंकि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है।