जिले के नगरीय क्षेत्रों में जन सहभागिता से पौधारोपण की मुहिम

Posted On:- 2022-06-28



  महासमुंद (वीएनएस)। वनमंडल महासमुंद ‘‘हरियर महासमुंद’’ अभियान के अंतर्गत वर्षा ऋतु में जनसहभागिता से शहरी क्षेत्र में पौधारोपण करने की मुहिम चलाई जा रही है। जिसमें महासमुंद जिले के 6 नगरीय निकायों की कॉलोनी में घरों के आस पास नागरिकों द्वारा चाही गयी प्रजाति के पौधे (उपलब्धतानुसार) ट्री गार्ड के साथ निःशुल्क लगाकर दिए जाएंगे। प्रति नागरिक एक पौधा लगवाने का आवेदन दिया जा सकता है, जिसकी सुरक्षा एवं रख रखाव का उत्तरदायित्व संबंधित व्यक्ति का रहेगा। यह मुहिम जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों में चलाई जा रही है। वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत ने बताया कि ज़िले के नगरीय क्षेत्र के निवासी अपने घर के आस-पास के क्षेत्र को हरा भरा बनाएं। महासमुंद ज़िले के नगरीय क्षेत्र को सुंदर एवं हरा भरा बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं। यदि आप महासमुंद जिले के शहरी क्षेत्र के एक जिम्मेदार नागरिक हैं एवं अपने घर के आस पास पौधा लगवाना चाहते हैं तथा उसकी सुरक्षा और रख-रखाव की इच्छा रखते हैं, तो साथ में दिए गए हववहसम फॉर्म में अपने विवरण भरें। हमारी टीम आपसे संपर्क करेगी, एवं स्थल सत्यापन के बाद प्रथम आओ, प्रथम पाओ के सिद्धांत पर आपकी इच्छा अनुसार निःशुल्क पौधे लगाकर दिया जाएगा। यह योजना केवल महासमुंद जिले के 6 नगरीय निकायों के लिए है, एवं एक सीमित योजना है, अतः शीघ्र आवेदन करें। यदि आप कोई स्वयं सेवी संस्था हैं एवं अधिक संख्या में किसी संस्थान में पौधरोपण करना चाहते हैं, तो अपने निकट के वन विभाग के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।