लोहारडीह की महिलाओं ने की संसदीय सचिव से मुलाकात

Posted On:- 2022-06-28



रंगमंच व पहुंच मार्ग की ओर कराया ध्यानाकर्षित

महासमुंद (वीएनएस)। लोहारडीह की महिलाओं ने संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर से मुलाकात कर गांव में रंगमंच निर्माण के साथ ही परसापानी से डेगना नारा पहुंच मार्ग निर्माण की ओर ध्यानाकर्षित कराया। जिस पर संसदीय सचिव चंद्राकर ने तत्काल रंगमंच निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। वहीं पहुंच मार्ग के लिए फारेस्ट की जमीन होने के कारण अफसरों से चर्चा कर उचित पहल करने का आश्वासन दिया। मंगलवार को ग्राम पंचायत लोहारडीह की इंदुमती निषाद, गौरी यादव, मिथलेश्वरी निषाद, नमर्दा बाई, दिप्ती ठाकुर, शकुंतला, रेवती बाई, गैंदी बाई, राम बाई, तुलसीबाई, हेमीन निषाद, आसमती ध्रुव, सेतकुमारी, इंदुबाई, चुनेश्वरी, पूणिर्मा बाई, नूतन बाई, मानकी बाई आदि संसदीय सचिव निवास पहुंचकर संसदीय सचिव चंद्राकर से मुलाकात की। इस दौरान महिलाओं ने बताया कि ग्राम पंचायत लोहारडीह के वार्ड क्रं सात पेंड्राडीह में रंगमंच निर्माण की जरूरत है। रंगमंच नहीं होने से विभिन्न आयोजनों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यहां रंगमंच निर्माण की मांग रखी। इसी तरह महिलाओं ने वार्ड क्रं 15 परसापानी से डेगना नारा पहुंच मार्ग की जरूरत बताई। उन्होंने बताया कि पहुंच मार्ग नहीं होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर बरसात के दिनों में आवाजाही में काफी दिक्कतें आती है। जिस पर संसदीय सचिव चंद्राकर ने विधायक निधि से रंगमंच निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। वहीं पहुंच मार्ग के लिए वन विभाग के अफसरों से चर्चा कर उचित पहल करने का आश्वासन दिया।