मुख्यमंत्री की घोषणाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करें : कलेक्टर

Posted On:- 2022-06-28



  बीजापुर (वीएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणाओं के क्रियान्वयन की प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करें। वहीं मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान प्राप्त आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें उक्त निर्देश कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा ने समय सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री के घोषणा के अनुरूप जिले के 4 नवीन धान उपार्जन केन्द्रों मिरतुर, फरसेगढ, पामेड़ व मोदकपाल में आवश्यक तैयारी करने व नवीन स्वामी आत्मानंद स्कूल कुटरू एवं मद्देड़ में शाला प्रवेशोत्सव की जानकारी ली। वतर्मान समय में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। जिले में संक्रमण के रोकथाम के लिए व्यापक तैयारी करने सभी अन्तर्राज्यीय चेक पोस्ट में 24 घंटे निगरानी करने कोविड जांच के उपरांत नेगेटिव्ह पाये जाने वाले यात्री को ही जिले में प्रवेश करने के निर्देश दिए। संक्रमण के प्रभाव को कम करने व टीकाकरण में तेजी लाने केलिए स्कूली छात्रों को जो 12-18 वर्ष के हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से शतप्रतिशत दोनों डोज स्कूल में ही लगाने स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग को निर्देश दिए। वहीं अधिकारी कमर्चारियों को दोनों डोज के उपरांत प्रीकॉशन डोज केलिए जिला कार्यालय व जिला पंचायत में अतिरिक्त सेशन लगाकर सभी फ्रंट लाईन वर्कर व पात्र हितग्राहियों को वैक्सीन लगाने के निर्देश दिए। जिले में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने, सड़क के किनारे वृक्षारोपण, स्कूल-आंगनबाड़ी, छात्रावास, शासकीय परिसर, गौठानों एवं पंचायत स्तर पर अधिकाधिक वृक्षारोपण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिक्षा के स्तर में सुधार लाने शिक्षादूतों का आवश्यक प्रशिक्षण व प्रतिमाह मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए। जिले के समस्त आंगनबाड़ी, स्कूल, छात्रावास, स्वास्थ्य केन्द्र, पंचायत भवनों में शतप्रतिशत रनिंगवाटर की सुविधा उपलब्ध कराने तेजी से कार्य सम्पन्न करने को कहा। स्कूलों में अध्ययनरत किशोरी बालिकाओं को नि:शुल्क सेनेटरी पैड का वितरण करने व स्वच्छता संबंधी जागरूकता लाने के लिए आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए। वहीं कुपोषण को दूर करने गरम भोजन, रेडी टू ईट सहित जागरूकता प्रदान करने आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए व कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र में लाने के लिए प्रेरित करें। पोषण पुनर्वास केन्द्रों में बच्चों माताओं को भी बच्चों की देख-रेख की जानकारी प्रदान करने को कहा। मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान अर्न्तगत मलेरिया जांच की स्थिति की समीक्षा की गई व मच्छरदानी वितरण करने को कहा साथ ही मच्छरदानी के उपयोग केलिए लोगों ने जागरूकता लाने का प्रयास करने के निर्देश दिए। जिला स्तर के समस्त नामजद नोडल अधिकारियों को दो-दो पंचायत आबंटित किया गया है। सभी अधिकारी अपने-अपने पंचायतों का निरीक्षण करें, जिसमें आंगनबाड़ी, स्कूल, छात्रावास शामिल है। निरीक्षण के दौरान भवनों की स्थिति का सूक्ष्मतापूर्वक निरीक्षण करें, ताकि भवन में कहीं कुछ खामी है तो उसे बताए ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो साथ ही बरसात के मौसम में संस्था के आसपास साफ-सफाई व स्वच्छता का ध्यान रखें सांप, बिच्छू एवं जहरीले कीड़े-मकोड़े से बच्चे सुरक्षित रहे। पंचायतों में गौठान का निरीक्षण कर पानी की व्यवस्था, गोबर खरीदी, वर्मी खाद का उत्पादन एवं चारागाह में बीज रोपण कराने को कहा। बैठक में जल-जीवन मिशन, नरवा, गरूवा, घुरवा व बाड़ी, क्रेडा अर्न्तगत सोलर पंप, सौर सुजला, जाति प्रमाण पत्र, मिलेट मिशन, धान के बदले अन्य फसल, उर्वरक खाद के भंडारण व वितरण सहित विभिन्न विषयों पर समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ अशोक पटेल, सीईओ जिला पंचायत रवि कुमार साहू, सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और जिले में पदस्थ एसडीएम, तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत मौजूद थे।