त्रि-स्तरीय पंचायत उप निर्वाचन : 117 पदों के लिए लगभग 70 फीसदी मतदान

Posted On:- 2022-06-28



महिलाओं और दिव्यांगों ने बढ़ चढ़कर किया मतदान

रायपुर (वीएनएस)। प्रदेश में त्रि-स्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के तहत 117 पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न हो गए। किसी भी मतदान केन्द्रों में पुनर्मतदान की स्थिति नहीं बनी है। सभी मतदान केन्द्रों में मतगणना का कार्य भी आज ही पूर्ण कर लिया गया है। सभी 244 मतदान केन्द्रों से मतदान दलों की सुरक्षित वापसी हो गई है।

उल्लेखनीय है कि पंचायत उप निर्वाचन अंतर्गत राज्य के 21 जिलों में पंच, सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य के 117 पदों के लिए सफलता पूर्वक मतदान सम्पन्न हुआ। इनमें जनपद सदस्य के लिए 3, सरपंच के 62 और पंच के 52 पदों पर निर्वाचन हुआ। इन पदों के लिए आज हुए मतदान में दोपहर 3 बजे तक औसत लगभग 70 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान में महिलाओं, दिव्यांगों मतदाताओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सम्पन्न हुए पंचायत उप निर्वाचन में औसत 70.75 प्रतिशत पुरुष मतदाता और औसत 67.99 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। गरियाबंद जिले में सर्वाधिक 82.49 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किए हैं। मतदान प्रातः 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक निर्धारित की गई थी। प्रदेश में त्रि-स्तरीय पंचायत उप-निर्वाचन के लिए कुल मतदाताओं की संख्या 106543 थे। इनमें 53393 पुरुष मतदाता और 53147 महिला मतदाताएं तथा तीन तृतीय लिंग समुदाय के मतदाता शामिल है।

गौरतलब है कि त्रिस्तरीय उप निर्वाचन के लिए रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निग अधिकारी, सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर मजिस्ट्रेट के लगभग 240 अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। वहीं 244 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सुगतापूर्वक मतदान कराने के लिए लगभग 1500 मतदान कर्मी नियुक्त किये गए थे। इनमें प्रत्येक मतदान केंद्र में 5 मतदान कर्मी, जिसमें एक पीठासीन अधिकारी, तीन मतदान अधिकारी और एक सुरक्षाकर्मी शामिल थे।

पंचायत उप निर्वाचन के तहत विभिन्न जिलों में दोपहर 3 बजे तक मतदान का प्रतिशत इस प्रकार है- बिलासपुर- 74.99 प्रतिशत, मुंगेली-55.54 प्रतिशत, जांजगीर-चांपा-57.57 प्रतिशत, रायगढ़ 72.08 प्रतिशत, बलरामपुर-76.3 प्रतिशत, सूरजपुर- 81.51 प्रतिशत, जशपुर-61.50 प्रतिशत, कोरिया-70.33 प्रतिशत, रायपुर-64.88 प्रतिशत, महासमुंद- 67.41 प्रतिशत, धमतरी- 82.43 प्रतिशत, गरियाबंद- 82.49 प्रतिशत, बलौदाबाजार-भाटापारा-65.15 प्रतिशत, दुर्ग 69.61 प्रतिशत, बालोद-76.07 प्रतिशत, बेमेतरा-68.98 प्रतिशत, राजनांदगांव-79.71 प्रतिशत, कबीरधाम- 69.53 प्रतिशत, बस्तर-72.39 प्रतिशत, कोंडागांव-43.63 प्रतिशत तथा बीजापुर जिले में 63.61 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।