गुणवत्तापूर्ण और सस्ती शिक्षा को बढ़ाने के लिए नवाचार अपनाने की आवश्यकता : धर्मेन्द्र प्रधान

Posted On:- 2022-06-29



नई दिल्ली (वीएनएस)। शिक्षा औऱ कौशल विकास मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने आज गुणवत्तापूर्ण और सस्ती शिक्षा को बढ़ाने के लिए अलग तरीके की प्रणाली और नवाचार अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। शिक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री प्रधान ने औपचारिक शिक्षा और प्रमाणित कौशल ढांचे के अंतर्गत भारत की बड़ी आबादी को शामिल करने की बात कही। श्री प्रधान ने कहा कि सभी के लिए शिक्षा को अनुकूल बनाने के लिए मजबूत और लचीले तंत्र को लाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप डिजिटल विश्वविद्यालय जैसे तकनीक आधारित दृष्टिकोण और पहल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ाने के लिए आवश्यक है। भविष्य के रोजगार औऱ कौशल को लेकर श्री प्रधान ने कहा कि रोजगार का स्वरूप बदल रहा है और औद्योगिक क्रांति 4.0 बड़ी जनांकिकी के कौशल, उन्नत कौशल और पुर्नकौशल के अवसर और चुनौती को दिखाता है।