ग्लोबल मार्केट में जारी उठापटक के चलते टूटा शेयर बाजार, सेंसेक्‍स-निफ्टी में ग‍िरावट

Posted On:- 2022-06-29



मुंबई (वीएनएस)। ग्लोबल मार्केट में हो रही उठा-पटक के चलते शेयर बाजार में मंदी का दौर जारी है। अमरीकी बाजार में आई गिरावट और कमजोर आर्थिक संकेतों का असर घरेलू शेयर बाजार में भी दिखाई दिया। कारोबार की शुरुआत में ही सेंसेक्‍स (Sensex) और न‍िफ्टी (Nifty) में बड़ी ग‍िरावट देखी गई। 30 अंकों वाला सेंसेक्‍स 554 अंक ग‍िरकर 52,623 के स्तर पर खुला, जबकि 50 अंक वाला निफ्टी 15,701.70 अंक पर कारोबार कर रहा था। दिन की शुरुआत में सेंसेक्‍स के 30 में से 28 शेयर लाल न‍िशान पर थे। हालांकि बाद में कुछ शेयरों में सुधार के कारण बाजार संभला और बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी। तेल और गैस क्षेत्रों में खरीदारी देखी जा रही है, जबकि बैंक, आईटी और रियल्टी के शेयरों में बिकवाली देखी जा रही है।

ये हैं टॉप गेनर्स न‍िफ्टी (Nifty) में जो शेयर सबसे अधिक मजबूत हुए, वो हैं ग्रासिम, रिलायंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, हीरो मोटर कॉर्प और टाटा मोटर्स। वहीं टॉप लूजर्स की बात करें तो ह‍िंदुस्‍तान यूनीलीवर, एचडीएफसी लाइफ, सिप्ला, इंडसइंड बैंक और टाइटन रहे।

रुपये की गिरावट का असर डॉलर के मुकाबले रुपये में आई गिरावट (Rupee all time low) का असर भी शेयर बाजार पर देखा गया। बता दें कि मंगलवार को रुपया 6 पैसे गिरकर 78.83 प्रति डॉलर के सबसे न‍िचले स्तर पर पहुंच गया। जानकारों का मानना है कि इस के पीछे बाजार से विदेशी पूंजी की लगातार निकासी और कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी भी जिम्मेदार है।

मंगलवार को दुनियाभर के बाजारों में आई तेजी का असर भारतीय शेयर बाजार में भी दिखाई दिया और घरेलू शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। मंगलवार को कारोबारी सत्र के अंत में 30 शेयर वाला सेंसेक्स 16.17 अंक की बढ़त के साथ 53,177.45 पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में 18.15 अंक की तेजी देखी गई। यह के साथ 15,850.20 स्तर पर बंद हुआ।