केन्द्र के समान महंगाई भत्ता देने व गृह भाड़ा बढ़ाने की मांग

Posted On:- 2022-06-29



सामूहिक अवकाश लेकर निगम कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन आवश्यक सेवाओं को छोड़ बाकी का कामकाज रहा ठप्प

भिलाई(वीएनएस)। नगरीय निकायों में आज कार्यालयीन कामकाज ठप रहा। कर्मचारियों के सामूहिक अवकाश लेकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने से यह स्थिति जिले के सभी नगरीय निकायों में बनी रही। कर्मचारियों ने केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने और गृह भाड़ा बढ़ाने की मांग को लेकर निकायों के बाहर प्रदर्शन किया।

भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध छत्तीसगढ़ स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के बैनर तले आज नगर निगम और पालिका के कर्मचारियों ने सामूहिक अवकाश लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता देने की मांग को लेकर नारेबाजी की गई। वहीं वर्तमान में मिल रहे गृह भाड़ा को कम बताते हुए बढ़ाने की मांग राज्य सरकार से की गई। निगम व पालिका कार्यालय के प्रवेश द्वार पर प्रदर्शन करने के बाद शाम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। फेडरेशन के आह्वान पर नगरीय निकाय कर्मचारियों के इस आंदोलन का असर दुर्ग, भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा नगर निगम में देखने को मिला। आवश्यक सेवाओं से संबंधित अधिकारी कर्मचारियों को बाकी के अवकाश में रहने से कार्यालयीन कामकाज लगभग ठप्प रहा। जामुल और कुम्हारी नगर पालिका के कर्मचारी भी आज प्रदर्शन में शामिल रहे। भिलाई में प्रदर्शन का नेतृत्व संघ के अध्यक्ष राम बृज यादव ने किया। भिलाई- चरोदा के कर्मचारियों ने अध्यक्ष कल्याणी शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। वहीं दुर्ग नगर निगम में अध्यक्ष शिव शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ।