धमतरी (वीएनएस)। भाजपा जिला कार्यालय धमतरी मे बुधवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिला संगठन प्रभारी नीलू शर्मा ने बताया कि देश मे पिछले दिनों आपातकाल की 47वीं बरसी मनाई गयी। उन्होंने कहा कि आपातकाल न केवल आजाद भारत के इतिहास का काला अध्याय था, अपितु कई मायनों मे यह अंग्रेजों और मुगलों की बर्बरता से भी ज्यादा भयानक था। कांग्रेस लोकतंत्र व देश की सुरक्षा से हमेशा खिलवाड करती आयी है और देश हित तथा जनहित की नीतियों का विरोध करती आयी है।
भारत की तीनों सेनाओं के संयुक्त प्रयत्नों से वर्षों के अनुसंधान के बाद सामरिक तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बनाई गयी अग्निपथ योजना की उद्घोषणा के साथ ही बिना योजना को भली भांति जाने या समझे देश भर मे विपक्षी दलों ने इसके विरोध को हवा देना शुरू कर दिया। देश के अनेक शहरों मे षड्यंत्र पूर्वक हिंसा, आगजनी, सरकारी संपतियों को नुकसान पहुंचाने के साथ साथ पुलिस के जवानो पर हमले किये गये। हर बार की तरह इस बार भी इन आंदोलनों के पीछे आपराधिक तत्वों की संलिप्तता सामने आयी। कांग्रेस और कुछ विपक्षी दल विरोध की स्तरहीन राजनीति पे उतर गये हैं। देश मे 2014 से लेकर आजतक केंद्र सरकार मे सड़क, बिजली,पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास इत्यादि मूलभूत सुविधाओं से जुड़े अनेकों कार्य किये जो आजादी के बाद के 60 वर्षों मे कांग्रेस शासन मे नही हुए थे। कांग्रेस ने सभी जन कल्याण की योजनाओं का विरोध किया।
जहां तक अग्निपथ योजना की बात है देश के युवाओं को समर्थ और सुशिक्षित बनाने के लिए उनके अंदर राष्ट्र प्रेम की भावना विकसित करने के लिए तथा देश की सेना को अधिक शक्तिशाली और उर्जावान बनाने के लिए सेना के अधिकारियों की ओर से लायी गयी एक दूरदर्शी योजना है। इस योजना के तहत देश भर में प्रतिवर्ष 46000 युवाओं की भर्ती होगी उनको 4 वर्ष तक सेना का उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त होगा। एक सैनिक की भाँति वो देश की सेवा करेंगे। उन्हें प्रतिमाह 30 हजार से अधिक मानदेय प्राप्त होगा तथा उन्हें सेवा अवधि के दौरान भत्ते तथा बीमा इत्यादि का संपूर्ण लाभ प्राप्त होगा। 4 वर्षों की सेवा अवधि पूर्ण करने के बाद उनमें से मेरिट के आधार पर 25 प्रतिशत युवाओ को सेना मे स्थायी पद प्राप्त होगा तथा शेष 75 प्रतिशत युवा जो अग्निवीर के नाम से जाने जाएंगे उन्हे रक्षा मंत्रालयए गृह मंत्रालयए अर्ध सैनिक बल, पुलिस विभाग में नौकरी में आरक्षण प्राप्त होगा और वो एक बेहतर रोजगार प्राप्त कर सकेंगे, इतना ही नहीं 4 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण करने के पश्चात उन्हें 12 लाख रुपए की एक मुश्त राशि सरकार की ओर से प्रदाय की जाएगी, जिससे वो आगे चल कर अपना भविष्य संवारने में उपयोग कर सकेंगे। देश की सेना को इस योजना से और अधिक शक्तिशाली बनाया जा सकेगा। सैनिकों की औसत आयु को कम करने मे ये योजना लाभदायक सिद्ध होगी। युवाओं मे देशभक्ति का जज्बा पैदा किया जा सकेगा। आने वाली पीढी अनुशाषित तथा संस्कारित होगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ठाकुर शशि पवार, कविंद्र जैन, अरविंदर मुंडी, महेंद्र पंडित, रोहिताश मिश्रा सहित प्रमुख भाजपाई उपस्थित थे।