राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर सम्मानित होंगे डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर

Posted On:- 2022-06-30



भिलाई (वीएनएस)। भारत में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस हर साल 1 जुलाई को भारत के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ बिधान चंद्र रॉय की जयंती और पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। आईएमए पूरे देश में इस दिन अपनी लगभग 1765 से अधिक स्थानीय शाखाओं में स्वास्थ्य गतिविधियों का संचालन करके राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर आईएमए हाउस, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले एक विशेष समारोह में भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य चिकित्सालय जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केन्द्र के अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ कौशलेंद्र ठाकुर को आईएमए चिकित्सक दिवस पुरस्कार-2022 से सम्मानित किया जायेगा। पुरस्कार समारोह का आयोजन 1 जुलाई को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया गया है। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया उपस्थित होंगे।