कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का चरणबद्ध आंदोलन जारी, निगमकर्मियों ने भी दिया समर्थन

Posted On:- 2022-06-30



प्रमुख दो मांगो को लेकर मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रायगढ़ (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शासकीय कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता एवं सातवें वेतनमान के अनुरूप गृह भाड़ा भत्ते की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का चरण बद्ध आंदोलन जारी है। इसके तहत बड़ी संख्या में फेडरेशन के अधिकारी कर्मचारियों ने रायगढ़ के मिनी स्टेडियम में एकत्रित होकर अपनी आवाज़ बुलंद की। साथ ही अपनी मांगों के पूरा न होने पर आगे उग्र आंदोलन की चेतावनी देते हुए कहा कि उन्होंने इसके पूर्व भी ज्ञापन सौंपा था लेकिन उनकी मांगों पर प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं कि इसलिए वे आज प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने पर मजबूर हैं। यदि उनकी मांगें जल्द से जल्द पूरी नहीं हुई तो वे अपनी कलमबद्ध हड़ताल जारी रखेंगे। विरोध प्रदर्शन के बाद सभी महारैली निकालते हुए कलेक्ट्रेड के सामने पहुंचे जहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर आर.ए.कुरुवंशी को ज्ञापन सौपा।इधर कर्मचारी-अधिकारियों के हड़ताल पर जाने से सभी सरकारी विभागों में सन्नाटा पसरा रहा। बहरहाल अब देखना होगा कि 34% महंगाई भत्ता और 7वें वेतनमान के अनुसार गृह भाड़ा भत्ता की लगातार मांग कर रहे कर्मचारी-सधिकारो फेडरेशन के इस जंगी प्रदर्शन का नतीजा आखिर क्या होगा?

निगमकर्मियों ने भी दिया समर्थन अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के समर्थन में निगम के अधिकारी और कर्मचारियों ने कलम बंद हड़ताल रखा। इस दौरान पूर्व में प्रसारित सूचना अनुसार निगम के सभी कर्मचारियों ने सामूहिक अवकाश लिया था। सुबह 10 बजे से ही सभी अधिकारी और कर्मचारियों ने मुख्य द्वार पर बैठ कर प्रदर्शन किया और केंद्रीय कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता और गृह भाड़ा भत्ता की मांग की।