कांकेर (वीएनएस)। जिला अधिवक्ता संघ कांकेर अंतर्गत नरहरपुर में नवीन अधिवक्ता कक्ष का शुभारम्भ जिला अधिवक्ता संघ के जिलाध्यक्ष नरेंद्र दवे ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार अखिलेश ध्रुव ने की।
नरहरपुर तहसील मुख्यालय मे 28 जून को नवीन अधिवक्ता कक्ष का शुभारंभ जिला अध्यक्ष नरेंद्र दवे ने फीता काटकर मां सरस्वती की पूजा अर्चना के साथ किया। कार्यक्रम में श्री दवे ने कहा भवन के शुभारंभ से जहां अधिवक्ताओं को बैठने का स्थान सुनिश्चित होगा वहीं यह नवीन कक्ष इसलिए भी महत्वपूर्ण होगा क्योंकि वर्तमान में यहां अनुविभागीय अधिकारी राजस्व का लिंक कोर्ट लग रहा है जो संभवत भविष्य में स्थाई तौर पर स्थापित हो जाएगा। उन्होंने कक्ष के शुभारंभ हेतु जिला प्रशासन एवं विशेष रुप से तहसीलदार द्वारा किए गए सहयोग के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। तहसीलदार अखिलेश ध्रुव ने नवीन कक्ष के शुभारंभ पर समस्त अधिवक्ताओं को शुभकामनाएं दी और इस हेतु अन्य सुविधाओं के विस्तार हेतु सहयोग करने का आश्वासन दिया ।कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता राज भारती ने किया वहीं आभार प्रदर्शन माखन नागदौने ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता बसंत ठाकुर सुनील यादव हिंचाराम यादव माखन नागदौने टिंकेश्वर तिवारी तथा अन्य अधिवक्ता गण दस्तावेज लेखक सहित तहसील स्तरीय कर्मचारी कोटवार उपस्थित थे।