देखें वीडियो : सरकार की फ्लैगशिप योजना की धज्जियां उड़ा रहे बिल्डर, प्रशासनिक कार्रवाई का भी भय नहीं...

Posted On:- 2022-06-30



रायपुर (वीएनएस)। रायपुर के ग्राम बोरियाकला में बिल्डर की मनमानी सामने आई है। बिल्डर ने अपने निजी स्वार्थ के लिए अपने प्लॉटिंग एरिया से लगे नाले को पाटकर सरकार की फ्लैगशिप नरवा विकास योजना की धज्जियां उड़ाने का प्रयास किया है। नालों के पुर्नजीवन के लिए सरकार लगातार युद्ध स्तर पर काम कर रही है।

मामले की जानकारी मिलते ही सिंचाई विभाग ने जांच अधिकारी नियुक्त कर तत्काल मामले की जांच कराई है। जांच अधिकारी के पहुंचने के बाद बिल्डर ने पाट रहे नाले के कार्य में परिवर्तन कर पाइप बिछाने की तैयारी भी कर ली है। ओरम सिटी के निशांत पगारिया इस मामले में सरकारी नियमों की धड़ल्ले से धज्जियां उड़ा रहे हैं। अनंत रियालिटी के नाम पर दूसरा ले-आउट सिंचाई विभाग से बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र के जारी कराया है, जिसकी जांच नगर एवं ग्राम निवेश विभाग द्वारा प्रतिवेदन संचालक रायपुर को भेजा गया है। इसके बाद भी युद्ध स्तर पर नाले पर अतिक्रमण जारी है। उक्त भूमि पर पहुंच मार्ग नहीं है। इसलिए नाले की भूमि पर कब्जाा करते हुए निजी भूस्वामी अनिता गोयल की भूमि पर पहुंच मार्ग बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक खसरा क्रमांक 1599 राजस्व रिकॉर्ड में नाला भूमि दर्ज है। साथ ही इस नाले से पानी की सप्लाई भी जारी है। राज्य सरकार की फ्लैगशिप नरवा विकास योजना के माध्यम से इस नाले का जीर्णोद्धार होना था, लेकिन बिल्डर की मनमानी के चलते अब यह नाला विलुप्ति के कागार पर पहुंच गया है।

सूत्रों से बोरियाखुर्द के सरपंच महेन्द्र वर्मा की भी बिल्डर से मिलीभगत की जानकारी सामने आ रही है, लेकिन सिंचाई विभाग की तरफ से नियुक्त जांच अधिकारी भोस्कर ने मौके का निरीक्षण पूर्ण कर लिया है। अब जल्द ही विभाग के पास मौके का प्रतिवेदन होगा। देखना होगा, विभाग प्रतिवेदन पर क्या कार्रवाई करता है।

https://youtu.be/I8X_mtLJ_SY